वृंदावन में हुई बड़ी चोरी का खुलासा : 70 लाख के सोने-चांदी के आभूषण और 2.07 लाख रुपये बरामद

खाना बनाने वाली महिला गिरफ्तार कृष्णा हाइट्स में हुई थी लाखों की चोरी पुलिस ने रुक्मणी विहार से दबोचा

मथुरा। वृंदावन पुलिस ने कृष्णा हाइट्स स्थित एक फ्लैट में हुई लाखों रुपये की चोरी की घटना का खुलासा करते हुए खाना बनाने वाली घरेलू सहायिका को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला के कब्जे से 2 लाख 7 हजार रुपये नकद और करीब 70 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। महिला को रविवार 29 नवंबर को सुबह 11:18 बजे रुक्मणी विहार क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार बीती 20 नवंबर को कृष्णा हाइट्स वी-301 निवासी व्यक्ति ने अपने घर में खाना बनाने वाली घरेलू सहायिका पर चोरी का आरोप लगाते हुए थाना वृंदावन में तहरीर दी थी। इसके आधार पर मु0अ0सं0 0744/2026 धारा 306 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान प्रकाश में आई महिला अभियुक्ता नीरू यादव को पुलिस ने मुखबिर की सूचना और सर्विलांस की मदद से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने गिरफ्तार महिला के कब्जे से नकदी के अलावा सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। इनमें सिक्के अंगूठियां चूड़ियां कंगन हथफूल मंगलसूत्र पेंडेंट टॉप्स और लॉकेट शामिल हैं। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार महिला नीरू यादव के पति सत्यप्रकाश के खिलाफ फिरोजाबाद जिले में हत्या के प्रयास आर्म्स एक्ट नकबजनी और गुंडा अधिनियम सहित पांच मुकदमे दर्ज हैं। वह वर्तमान में जेल में निरुद्ध है।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार पाण्डेय उपनिरीक्षक अशेष कुमार सर्विलांस सेल प्रभारी उपनिरीक्षक विकास शर्मा हेड कांस्टेबल राघवेन्द्र सिंह हेड कांस्टेबल रितेश कुमार कांस्टेबल नितिन कुमार रिजर्व कांस्टेबल अभय प्रताप सिंह और महिला कांस्टेबल याचिका शामिल रहीं।