मथुरा में यात्रियों से पैसे लेने के बाद टिकट न देने वाला इलैक्ट्रिक बस का चालक निलम्बित

मथुरा। नगर निगम मथुरा-वृन्दावन क्षेत्रान्तर्गत संचालित इलैक्ट्रिक बस में यात्रियों से पैसे लेने के उपरान्त भी टिकट न देने के मामले में जांच के बाद नगर आयुक्त अनुनय झा द्वारा आरोपी परिचालक को निलम्बित करने के साथ ही उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की कार्यवाही की गयी है। इसी के साथ श्री झा ने बस के चालक परिचालकों को यात्रियों से अच्छा व्यवहार करने के साथ ही पैसे लेने के बाद तत्काल टिकट उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश दिये है। पिछले दिनों इलैक्ट्रिक बस यू.पी. 85 सी.टी. 4556 पर तैनात परिचालक का यात्रियों से पैसे लेने के उपरान्त भी टिकट न देने का एक वीडियों वायरल हुआ था। साथ ही परिचालक द्वारा यात्रियों के साथ अभद्र व्यवहार किया जा रहा था।
नगर आयुक्त अनुनय झा द्वारा वायरल वीडियो का तत्काल संज्ञान लेते हुये जांच करायी गयी, जांच के उपरान्त परिचालक की पहचान पुनीत गोला पुत्र श्यामलाल के रूप में हुयी है जिस पर कार्यवाही करते हुए नगर आयुक्त द्वारा तत्काल प्रभाव से परिचालक पुनीत गोला की सेवा समाप्त कर दी गयी है। इसके अतिरिक्त परिचालक के विरूद्ध धारा 409, 504 एवं 506 के अन्तर्गत प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है।