विक्रम सैनी
चौमुहां । गुरुवार को कस्बा स्थित जिला सहकारी बैंक में दिन दहाड़े लाखों रुपये का कैश काउंटर से चोरी हो गया। चोरी की घटना से बैंक कर्मचारियों के होश फाख्ता हो गए। चोरी की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही जैत पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक कस्बा स्थित सहकारी बैंक में रैकी कर चोरी के इरादे से आए एक युवक ने बैंक में प्रवेश करते ही कैशियर हरीश यादव पर नजर रखना शुरू कर दिया। कैशियर के बाथरूम जाते ही बैंक कर्मचारियों से नजर बचाकर वह युवक कैश काउंटर तक पहुँच गया और देखते ही देखते नोटों से बंधे हुए दो बंडल पॉलीथिन में डालकर रफूचक्कर हो गया। चोरी की सारी घटना बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। बैंक प्रबंधक वरुण कटियार ने बताया कि चोर पांच-पांच लाख रु के दो बंडल काउंटर से चुराकर ले गया है। जैत पुलिस को अज्ञात चोर के खिलाफ तहरीर दी गई है। जैत थाना प्रभारी मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर चोर को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
बैंक की सुरक्षा के लिए लगाई गई पुलिस पिकेट रहती है गायब
कस्बा में बैंकों की सुरक्षा के लिए चौबीस घन्टें पुलिस पिकेट तैनात रहता है लेकिन पुलिस पिकेट के सिपाहियों को बैंकों की सुरक्षा से कोई लेना देना नहीं है। जिसके चलते चोरों के हौसले बुलंद है। चोर दिन दहाड़े चोरी की घटना को अंजाम देकर बड़ी आसानी से बचकर निकल जाने की इस घटना से बैंक की सुरक्षा पर सवालिया निशान लगाए हैं।