मथुरा । नगर निगम मथुरा-वृंदावन के भूतेश्वर स्थित सदन कक्ष में बुधवार को अर्बन डेवलपमेंट रिसर्च एंड ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट (UDRTI), हैदराबाद के सहयोग से “Employees Capacity Building & Skill Development Strategies” विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में UDRTI हैदराबाद की टीम के प्रोफेसर नरसिंग राव प्यारासानी (डायरेक्टर) एवं इंजीनियर ए. कृष्णा ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने नगर निगम की कार्यप्रणाली को सुदृढ़ बनाने, राजस्व वृद्धि के प्रभावी उपायों तथा जल आपूर्ति एवं अनुरक्षण प्रणाली में सुधार के लिए विस्तृत जानकारी और व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रातः सत्र में प्रशिक्षण का शुभारंभ हुआ, जिसमें विशेषज्ञों ने विभिन्न विषयों पर प्रस्तुतीकरण देते हुए नगर निगम की कार्यकुशलता बढ़ाने के उपाय बताए। इसके बाद आयोजित तकनीकी सत्रों में प्रतिभागियों को नई रणनीतियों, व्यवहारिक ज्ञान और कार्य निष्पादन में दक्षता बढ़ाने के तरीकों से अवगत कराया गया।
दोपहर सत्र में संवादात्मक चर्चा का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने अनुभव साझा किए। इस दौरान समस्याओं के समाधान और बेहतर क्रियान्वयन के लिए विशेषज्ञों से सुझाव भी प्राप्त किए गए। सभी सत्र समयबद्ध ढंग से संपन्न कराए गए, जिससे प्रतिभागियों को विषय की समग्र जानकारी मिल सकी।
इस अवसर पर नगर आयुक्त जग प्रवेश, अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार सहित नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं UDRTI के वेणुगोपाल राव (सेक्रेटरी) और पी. साई किरण (लायज़न ऑफिसर) ने कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नगर निगम की सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और नागरिक हितैषी बनाते हुए कर्मचारियों की कार्यकुशलता एवं क्षमता में वृद्धि करना रहा।