डीएम ने राजीव भवन के कार्यालयों का किया निरीक्षण , अनुपस्थित कर्मचारियों के खिलाफ होगी कार्रवाई

बोले- अस्पतालों में भी शुरू कराई जाएंगी कैंटीन, महिला स्वयं सहायता समूहों को मिलेगा रोजगार

मथुरा । जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने मंगलवार को राजीव भवन स्थित विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण कर कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कार्यालयों में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा पुरानी बिल्डिंग की मरम्मत और नवीनीकरण कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सभी कर्मचारी उपस्थित मिले और अपने कार्यों में जुटे हुए थे।
जिलाधिकारी ने विकास भवन में संचालित प्रेरणा कैंटीन का विशेष रूप से निरीक्षण किया और इसकी सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्य विकास अधिकारी और उनकी टीम की पहल से महिला स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को रोजगार का बेहतर अवसर मिला है। जनपद के सभी दस ब्लॉकों में प्रेरणा कैंटीन संचालित की जा रही हैं। अब अस्पतालों में भी ऐसी कैंटीन शुरू कराने का प्रयास किया जा रहा है ताकि मरीजों और उनके तीमारदारों को कम कीमत पर स्वच्छ एवं स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध हो सके। इससे महिलाओं की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।

डीएम ने अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन से प्रेरणा कैंटीन का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कैंटीन से भोजन, नाश्ता और चाय खरीदकर महिला स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं का उत्साहवर्धन करें। इससे उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मदद मिलेगी। कर्मचारियों की उपस्थिति को लेकर जिलाधिकारी ने बताया कि प्रतिदिन सुबह दस बजे उपस्थिति की जांच की जाती है। अनुपस्थित पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान सभी कर्मचारी उपस्थित मिले और अपने दायित्वों का निर्वहन करते पाए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि विकास कार्यों की रैंकिंग में मथुरा जनपद टॉप-10 में रहा है। इस उपलब्धि को और बेहतर बनाने के लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी मेहनत, जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना और विकास कार्यों को समयबद्ध पूरा कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।