पूर्व डीजीपी से गुसाई बोले: बिहारी जी मंदिर में हुई दुर्घटना के लिए जिम्मेवारी होनी चाहिए तय

वृंदावन। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में हुए हादसे की जांच के दूसरे दिन बुधवार को जांच समिति के अध्यक्ष पूर्व डीजीपी सुलखान सिंह ने प्रशासनिक लाव लश्कर के साथ मंदिर पहुंचकर अपनी कार्यवाही को अंजाम दिया । उन्होंने वहां बताया हम तीन बिंदुओं पर जांच कर रहे हैं। पहला ऐसा क्यों हुआ, हादसे के दोषी कौन हैं और ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति ना हो। मंदिर में पूर्व डीजीपी ने हादसे को लेकर मंदिर के सेवायतों और जिले के अधिकारियों से जानकारी की। मंदिर में जांच के दौरान एकत्रित हुए गुसाईंयो ने पूर्व डीजीपी से कहा कि इस घटना की जिम्मेवारी निर्धारित होनी चाहिए हमारी केवल एक ही मांग है जो दोषी है उनके खिलाफ दंडनीय कार्रवाई की जाए। उन्होंने एक स्वर में कहा कि इतने दिनों से बड़े बड़े आयोजन हम लोग कराते आ रहे हैं लेकिन कभी कोई घटना नहीं हुई। सेवायत शैलेन्द्र गोस्वामी ने कहा कि हम बचपन से ऐसी भीड़ देखते आ रहे है घटना क्यों हुई कौन इसके लिए जिम्मेवार है।
गुरुवार से पूर्व डीजीपी टीएफसी केंद्र पर प्रातः 10:00 बजे से मंदिर में हुई दुर्घटना के बारे में लोगों के बयान दर्ज करेंगे। जांच समिति के सदस्य अलीगढ़ के कमिश्नर गौरव दयाल ने भी मंदिर पहुंचकर कार्रवाई की। जन्माष्टमी पर ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में मंगला आरती के दौरान भगदड़ में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी करीब 70 लोग घायल हो गए थे जिनमें सात श्रद्धालुओं की हालत गंभीर होने पर अस्पतालों में भर्ती कराया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री द्वारा गठित की गई जांच टीम के अध्यक्ष पूर्व डीजीपी सुलखान सिंह ने जांच शुरू कर दी है। इससे पूर्व जांच समिति के अध्यक्ष मंगलवार को गोपनीय तरीके से बांकेबिहारी मंदिर पहुंचे थे। जांच के बाद रिपोर्ट शासन और मुख्यमंत्री को जाएगी जांच ने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की धड़कने बढ़ा दीं हैं। अधिकारियों को आभास है कि जांच के दौरान सारी स्थितियां निकलकर सामने आ जाएंगी। मंगला आरती के दौरान कौन कहां था और अपनी ड्यूटी सही प्रकार निभा रहा था या नहीं इसकी भी जांच होगी। मोबाइल फोन से वीडियो बनाए जाने की भी जांच होने पर अधिकारियों की मुसीबतें बढ़ सकती हैं। जांच करने वृंदावन पहुंचे पूर्व डीजीपी के साथ डीएम नवनीत सिंह चहल एसएसपी अभिषेक यादव मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष नगेन्द्र प्रताप सीओ सदर प्रवीण मलिक बांके बिहारी मंदिर के प्रबंधक मुनीश शर्मा आदि उपस्थित रहे।