10वें स्थापना दिवस पर रक्तदान कर मनाया सेवा का संकल्प

मथुरा। जनपद एवं आसपास के क्षेत्रों में रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही रक्तदाता फाउंडेशन ने अपना 10वां स्थापना दिवस सादगीपूर्ण तरीके से मनाया। इस अवसर पर संस्था के सदस्यों ने रक्तदान कर समाजसेवा का संदेश दिया।
स्थानीय सद्भावना ब्लड बैंक में आयोजित कार्यक्रम के दौरान संस्थापक सदस्य यतेंद्र फौजदार, सदस्य राहुल लवानिया तथा दुर्लभ रक्त समूह के रक्तदाता भारत भूषण शर्मा ने रक्तदान किया।
संस्थापक यतेंद्र फौजदार ने बताया कि पिछले दस वर्षों में संस्था द्वारा 200 से अधिक रक्तदान शिविर आयोजित किए गए हैं और 16,000 से ज्यादा यूनिट रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंदों की सहायता की गई है। उन्होंने कहा कि संस्था का यह सेवा कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
इस अवसर पर अमित गोयल और गोविंद खंडेलवाल ने सभी सहयोगियों, रक्तदाताओं, संस्थाओं, मीडिया बंधुओं एवं रक्तकोषों का आभार व्यक्त किया। वहीं केशव मुखिया, कुशल अग्रवाल, गोपाल खंडेलवाल, प्रिंस खंडेलवाल, प्रीतम अग्रवाल, सौरभ अरोड़ा और आशीष गोयल सहित अन्य सदस्यों ने जनहित में निरंतर कार्य करने की शपथ ली।
कार्यक्रम के अंत में सद्भावना ब्लड बैंक, ब्रजवासी ब्लड बैंक, ब्रज ब्लड बैंक, लाइफ केयर ब्लड बैंक, आरकेएमएस ब्लड बैंक तथा सरकारी रक्तकोष ने रक्तदाता फाउंडेशन के सहयोग के लिए धन्यवाद और आभार व्यक्त किया।