ब्रज धरोहरों के संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्य प्रशंसनीय: संगोष्ठी में वक्ताओं ने सराहा
ब्रज के लिए सदैव समर्पित रहते हैं विनीत नारायण
मथुरा। वृंदावन बाल विकास परिषद एवं भारत विकास परिषद के संयुक्त तत्वावधान में द ब्रज फाउंडेशन के संस्थापक वरिष्ठ पत्रकार विनीत नारायण के 70वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में रमणरेती मार्ग स्थित भगवत निवास में विचार संगोष्ठी एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पंडित सत्यभान शर्मा ने कहा कि ब्रज की धरोहरों के संरक्षण के लिए विनीत नारायण द्वारा वर्षों से किए जा रहे प्रयास अत्यंत सराहनीय हैं। वृंदावन बाल विकास परिषद के अध्यक्ष नवीन चौधरी एडवोकेट ने कहा कि ब्रज की संस्कृति, भक्ति परंपरा और भगवान श्रीकृष्ण की लीलास्थलियों के संरक्षण के लिए उनका योगदान हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
ब्राह्मण महासभा के संस्थापक सुरेश चंद्र शर्मा ने कहा कि विनीत नारायण ने अपने लेखन और सामाजिक कार्यों के माध्यम से समाजहित के कार्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वहीं तीर्थ पुरोहित पंडास सभा के अध्यक्ष श्याम सुंदर गौतम ने कहा कि वृंदावन के प्राचीन कुंडों के संरक्षण में उनका योगदान अविस्मरणीय है।
अपने उद्बोधन में विनीत नारायण ने कहा कि The Braj Foundation के माध्यम से ब्रज की धरोहरों को संरक्षित करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील की कि वे सम्राट विक्रमादित्य और सम्राट अशोक की तरह भेष बदलकर मथुरा-वृंदावन का भ्रमण करें, ताकि जमीनी स्तर पर विकास की वास्तविक स्थिति को समझ सकें।
कार्यक्रम में रामेश्वर दयाल शर्मा, राजेंद्र शर्मा, राजीव शर्मा, विष्णु गौतम, आशीष चौहान, अजय गौतम, बालमुकुंद शास्त्री, चेतन्य कृष्ण शर्मा, सौरभ गौतम, नवीनचंद्र गोस्वामी, मोहनलाल शर्मा, उदय अवस्थी, अजय बिहारी शर्मा, महेश चंद्र भारद्वाज, कुंज बिहारी शर्मा, गोपाल शरण शर्मा, अंशु गौड़, मनीष कुमार शर्मा, पवन ठाकुर, अर्जुन कुशवाहा, अमित गौतम पिंटू, कौस्तुभ गौतम, आनंद कुमार, देवकीनंदन शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।