नई दिल्ली । संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक प्रतिनिधमंडल ने बुधवार को यहां चुनाव आयोग के अधिकारियों से मुलाकात की और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी को लेकर शिकायत की तथा उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। भाजपा प्रतिनिधिमंडल में श्री रिजिजू के अलावा केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह और श्री ओम पाठक और कई अन्य नेता शामिल थे।
चुनाव आयोग से मुलाकात के बाद श्री रिजिजू ने कहा, “ आज, भाजपा के एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने निर्वाचन आयोग के अधिकारियों से मुलाक़ात की। हम भारी मन और गहरी नाराज़गी के साथ इन अधिकारियों मिले। आम तौर पर हम चुनावी प्रक्रिया से जुड़े खास मामलों को लेकर ही निर्वाचन आयोग से संपर्क करते हैं, लेकिन, आज हमारे प्रतिनिधिमंडल के यहां आने का मुख्य कारण कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा प्रधानमंत्री के ख़िलाफ़ इस्तेमाल की गई अपमानजनक भाषा है।”
गौरतलब है कि श्री खरगे ने तमिलनाडु में मंगलवार को श्री मोदी को लेकर एक विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा था, “ये अखिल भारतीय अन्ना द्रमुड़ मुन्नेत्र कषगम (अन्ना द्रमुक) के लोग, जो खुद अन्नादुरई की तस्वीर लगाते हैं, वे श्री मोदी के साथ कैसे जा सकते हैं? वह एक आतंकवादी हैं। उनकी पार्टी समानता और न्याय में भरोसा नहीं करती है। ये लोग उनके साथ जुड़ रहे हैं, इसका मतलब है कि वे लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं।”