भूतेश्वर मंदिर के पास लीकेज और गंदगी मिलने पर नगर आयुक्त ने इंजीनियर सहित 3 कर्मचारियों का वेतन काटने के दिए आदेश
मथुरा। श्रावण मास के दौरान खासकर सोमवार वाले दिन मथुरा वृंदावन क्षेत्र के सभी शिव मंदिरों के आसपास विशेष सफाई व्यवस्था के निर्देश के बावजूद शहर के प्रमुख भूतेश्वर मंदिर के पास गंदगी और लीकेज की समस्या मिलने पर नगर आयुक्त ने वाटर वर्क्स के एक अवर अभियंता सहित स्वास्थ्य विभाग के 2 कर्मचारियों का एक-एक दिन का वेतन काटने के आदेश दिए हैं।
नगर आयुक्त अनुनय झा ने आज प्रातः 10ः00 बजे भूतेश्वर मंदिर का औचक निरीक्षण किया इस दौरान मंदिर के पास गन्दगी एवं लीकेज की समस्या पायी गयी जिस पर नगर आयुक्त ने क्षेत्रीय स्वास्थ्य अधिकारी सहायक अभियंता जल को कठोर चेतावनी जारी करते हुए अवर अभियंता जल, सफाई निरीक्षक, सफाई नायक का एक-एक दिन का वेतन काटने के आदेश कर दिए।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि श्रावस मास पर सोमवार को शिव मंदिरों के आस-पास विशेष सफाई रहनी चाहिए यदि इस कार्य में लापरवाही बरती जाती है तो कड़ी कार्यवाही अमल में लायी जायेगी। ज्ञात रहे कि श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार को शिव मंदिरों पर सफाई हेतु अनिवार्य रूप से कर्मचारियो की शिफ्ट वाईज डयूटी लगाई जा रही है ।