नगर मजिस्ट्रेट का मंडी में छापा, गेहूं खरीद केंद्रों की जांच; किसानों की समस्याओं का मौके पर समाधान

मथुरा। नगर मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा ने कृषि उत्पादन मंडी समिति परिसर स्थित गेहूं क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही निस्तारण के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान खाद्य एवं रसद विभाग के 2, खाद्य निगम का 1 तथा कृषि उत्पादन मंडी का 1—कुल 4 गेहूं क्रय केंद्रों की जांच की गई। नगर मजिस्ट्रेट ने अधिकारियों को गेहूं खरीद में तेजी लाने, फार्मर रजिस्ट्री के बारे में किसानों को विस्तार से जानकारी देने तथा भीषण गर्मी को देखते हुए पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान कृषि उत्पादन मंडी की सुश्री रेनू वर्मा, जिला विपणन अधिकारी संतोष कुमार द्विवेदी, क्रय केंद्र प्रभारी अजय पवार, कन्हैया तौमर एवं पुष्पेंद्र सिंह को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के समय कर्मवीर सिंह, हरवीर सिंह सहित कई किसान मौजूद रहे।

इसके पश्चात नगर मजिस्ट्रेट ने जनगणना-2027 के प्रशिक्षण हेतु निर्धारित बीएसए कॉलेज, मथुरा स्थित प्रशिक्षण केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने जनगणना कार्य को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने तथा प्रशिक्षण कार्यक्रम को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

इस मौके पर अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार, सहायक नगर आयुक्त अनुज कौशिक, बीएसए कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. ललित शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।