मथुरा में सावन महीने के त्यौहारों को लेकर नगर निगम की तैयारियां हुई तेज, नगर आयुक्त ने दिए खास व्यवस्था करने के निर्देश

–श्रावण मास में मंदिर एवं ईदुज्जु़हा पर मस्जिद-ईदगाह पर होगी विशेष सफाई
–श्रावण मास व बकरीद पर 24 घण्टे एक्टिव रहेगा नगर निगम कंट्रोल रूम 05652503632, टोल फ्री नं0 14420
–विशेष पर्वों पर नगर निगम करेगा अतिरिक्त 100 सफाई कर्मी तैनात

मथुरा। सावन मास के दौरान ब्रज क्षेत्र में होने वाले त्योहार बकरीद ईद और कांवड़ यात्रा मेला को लेकर नगर निगम ने युद्ध स्तर पर अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। नगर निगम प्रशासन का प्रयास है कि इस दौरान बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों को किसी भी प्रकार की साफ-सफाई पेयजल आदि व्यवस्था को लेकर असुविधा का सामना न करना पड़े। इस संबंध में आज नगर आयुक्त अनुनय झा ने निगम के अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में एक बैठक की।
बैठक में नगर आयुक्त श्री झा द्वारा नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग के क्षेत्रीय स्वास्थ्य अधिकारी एवं मुख्य सफाई निरीक्षक को निर्देशित किया गया कि ईदुज्जुहा (बकरीद) के दृष्टिगत सभी मुस्लिम क्षेत्रों में एवं मस्जिद के आस-पास विशेष सफाई एवं चूना छिडकाव कराया जाये। इसी प्रकार 14 जुलाई से शुरू हो रहे श्रावण मास के दौरान सभी शिव मंदिरों के पास विशेष सफाई की जाये। सफाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाये। आने वाले त्यौहारों के दृष्टिगत विशेष सफाई कराने के लिये एक माह हेतु 100 अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती की जाये।
नगर आयुक्त ने जलकल विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि ईदुज्जुहा (बकरीद) पर पेयजलापूर्ति का विशेष ध्यान रखा जाये विद्युत आपूर्ति वाधित होने की स्थिति में जेनरेटर सैट को स्टैण्डबाई पर रखते हुए 13 टैंकरों को आपातकाल स्थिति के लिये तैयार रखा जाये। यदि किसी स्थान पर पानी की समस्या आती है तो टैंकरों के माध्यम से पेयजल आपूर्ति की जाये। इसी प्रकार श्रावण मास पर सभी शिव मंदिरों पर पेयजलापूर्ति का विशेष ध्यान रखा जाये। आवश्यकतानुसार मंदिरों के आस-पास पानी के टैंकर एवं मोबाइल टॉयलेट खडे़ कराये जाये। उक्त पर्वों के दौरान किसी भी प्रकार की लीकेज एवं जल भराव की समस्या उत्पन्न न होने पाये। प्रकाश विभाग के सहायक अभियंता को कहा गया कि सभी स्ट्रीट लाइटों को दुरूस्त करा लें, किसी भी दशा में मार्ग पर अंधकार की समस्या उत्पन्न न होने पाये। मंदिरों के आस-पास लाइटिंग का ध्यान रखा जाये। मार्ग पर लगी तिरंगा लाइटों को तत्काल सही कराया जाये। मुख्य अभियंता एवं अधिशासी अभियंता निर्माण को निर्देशित किया कि मस्जिद एवं शिव मंदिरों के पहुंच मार्ग का निरीक्षण कर आवश्यकतानुसार पैच मरम्मत कराया जाये।
नगर आयुक्त श्री झा ने नगर निगम के कन्ट्रोल रूम को एक्टिव किये जाने के निर्देश देते हुए कहा कि प्राप्त होने वाली शिकायतों को त्वरित निस्तारण कराया जाये साथ ही निस्तारण कराने के उपरान्त शिकायत कर्ता को अवगत भी कराया जाये।
बैठक में वार्ड सं. 18 के पार्षद प्रतिनिधि अब्दुल मलिक राजवीर सिंह मुख्य अभियंता सिविल विजय नारायण मौर्य महाप्रबंधक जल एस.पी. मिश्र अधिशासी अभियंता सिविल राधेश्याम अधिशासी अभिंयता जल अनिल रंजन सहायक अभिंयता प्रकाश नन्दकिशोर सहायक अभियंता जल सुरेन्द्र सिंह क्षेत्रीय स्वास्थ्य अधिकारी रामानन्द त्यागी क्षेत्रीय स्वास्थ्य अधिकारी योगेश कुमार मुख्य सफाई निरीक्षक कुंवर पाल अवर अभियंता जल छत्रपाल अवर अभियंता जल आशीष कुमार अवर अभियंता जल उपस्थित रहे।