निर्माण कार्यों में लापरवाही बरतने वाले इंजीनियरों के नगर आयुक्त ने कसे पेंच, कारण बताओ नोटिस जारी, फर्म की ब्लैक लिस्टेड
मथुरा। मथुरा वृंदावन नगरीय क्षेत्र में नगर निगम द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में कुछ अवर अभियंताओं को नियत समय पर निर्माण कार्य पूर्ण न कराए जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। समीक्षा बैठक में नगर आयुक्त श्री झा ने कड़े शब्दों में अवर अभियंता को चेतावनी देते हुए कहा कि नियत अवधि में यदि निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ तो उनकी चरित्र पंजिका में प्रतिकूल प्रविष्टि कर दी जाएगी। इसके अलावा उन्होंने फर्म और ठेकेदार काली सूची में डालने के आदेश किये है।
सोमवार को निगम कार्यालय में हुई बैठक में नगर आयुक्त श्री झा ने समीक्षा के दौरान पाया कि शहर में कई निर्माण कार्य अवर अभियंताओं द्वारा समय से पूर्ण नहीं कराये गये हैं जिस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने अवर अभियन्ताओं को कार्य के प्रति लापरवाही बरतने तथा कार्य समय से पूर्ण न कराये जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश किये है। उन्होंने पूछा कि जब कार्य पूर्ण किये जाने हेतु प्रत्येक कार्य की नियत दिनांक तय की गयी थी तो कार्य पूर्ण क्यू नहीं हुए इस पर अभियंता संतोष जनक जबाब नहीं दे सके ।
बैठक के दौरान यह भी संज्ञान में आया कि कई ठेकेदारों को विभाग द्वारा नोटिस जारी किये जाने के उपरान्त भी कार्य पूर्ण नहीं किया जा रहा है अथवा कार्य शुरू ही नहीं किया गया है उक्त फर्मों को काली सूची में डाले जाने हेतु निर्देशित किया गया।
समीक्षा बैठक में मुख्य अभियंता सिविल, अधिशासी अभियन्ता सिविल, समस्त सहायक अभियंता सिविल, समस्त अवर अभियंता सिविल आदि मौजूद रहे।