मथुरा । संभावित आपातकालीन और हवाई हमले (एयर रेड) जैसी परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए रविवार को मथुरा रिफाइनरी में ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन के निर्देश पर नागरिक सुरक्षा विभाग (सिविल डिफेंस) और रिफाइनरी प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में हुए इस पूर्वाभ्यास के दौरान आपसी समन्वय और त्वरित बचाव कार्यों का सफल प्रदर्शन किया गया।
मॉक ड्रिल की शुरुआत शाम करीब 6 बजे हुई, जब सिविल डिफेंस कंट्रोल रूम से ‘एयर रेड’ का संदेश प्राप्त हुआ। संदेश मिलते ही मथुरा रिफाइनरी के फायर कंट्रोल रूम से दो मिनट तक तेज वेलिंग सायरन बजाकर रेड अलर्ट घोषित कर दिया गया। अलर्ट जारी होते ही तय मानकों के अनुसार प्रशासनिक भवन और आसपास के पूरे क्षेत्र की लाइटें बंद कर ब्लैक आउट कर दिया गया।
ब्लैक आउट की स्थिति के बीच राहत एवं बचाव टीमों ने मोर्चा संभाला। इस दौरान घटनास्थल पर सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने, मलबे या प्रभावित क्षेत्र से घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने, मौके पर ही उनकी प्राथमिक जांच (ट्रायेज) करने और तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने का जीवंत अभ्यास किया गया। निर्धारित समय तक ब्लैक आउट रहने के बाद ‘ऑल क्लियर’ का सायरन बजाकर ग्रीन सिग्नल दिया गया, जिसके बाद सभी बंद लाइटों को पुनः चालू कर स्थिति सामान्य की गई।
अधिकारियों ने बताया कि इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य वास्तविक आपात स्थिति में विभिन्न एजेंसियों के बीच तालमेल बिठाना और त्वरित निर्णय लेकर संभावित नुकसान को कम से कम करना है। मॉक ड्रिल के दौरान एडीएम नंद प्रकाश मौर्य, रिफाइनरी के सीआईसी एवं सीजीएम (टी) एच. एस. रुखैयार, जीएम (ईएमएस) अभिनव गोस्वामी, डीजीएम (फायर एंड सेफ्टी) रजनीश तेवारी सहित नागरिक सुरक्षा विभाग और रिफाइनरी के अन्य वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।