बार एसो. मथुरा ने योगी को ज्ञापन देकर आगरा में खंडपीठ की स्थापना और चैम्बर निर्माण के लिए मांगा धन

मथुरा। बार एसोसिएशन द्वारा हाईकोर्ट बैंच खण्डपीठ की स्थापना पश्चिम उत्तर प्रदेश के प्रमुख जिले आगरा में स्थापित किये जाने और अधिवक्तागण के चैम्बर निर्माण के लिये धनराष्टि आवंटित किये जाने को लेकर गुरुवार को उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन सौंपा गया जिसमें अध्यक्ष ठा. मदन गोपाल सिंह एडवोकेट एवं सचिव गोपाल गौतम उर्फ आई एडवोकेट ने बताया कि बार एसोसिएशन मथुरा में काफी संख्या में अधिवक्तागण जोकि लगातार विधि व्यवसाय कर रहे हैं और दिन-प्रतिदिन नये अधिवक्ताओं की संख्या बढ़ती जा रही है। वर्तमान में बहुत से नये अधिवक्ता एवं वरिष्ठ अधिवक्ता ऐसे हैं जिन पर कि अपने चैम्बर की व्यवस्था नहीं है।
बार एसोसिएशन को वित्तीय सहायता की आवश्यकता है जिससे की अधिवक्ताओं हेतु चैम्बर्स का निर्माण कराया जा सके ताकि अधिवक्ता अपने मान व सम्मान से विधि व्यवसाय कर सके। पश्चिम उत्तर प्रदेश की जनता व अधिवक्तागण पिछले 40 वर्षों से भी ज्यादा समय से हाईकोर्ट की खण्डपीठ की स्थापना को लेकर आंदोलनरत है परन्तु इस गंभीर विषय पर सिर्फ राजनीति ही होती आयी है। इस संबन्ध में जस्टिस जसवंत सिंह आयोग की रिपोर्ट भी मौजूद है मुख्यमंत्री से उम्मीद ही नहीं वरन पूर्ण विश्वास है कि वह ज्ञापन का संज्ञान लेकर अपने अधीनस्थों को आदेशित करेंगे ।
ज्ञापन देते समय उपाध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार चतुर्वेदी एड. संयुक्त सचिव सुनील शर्मा एड. ऑडिटर श्रीमती मधु भार्गव एड. कोषाध्यक्ष ब्रजेश कुमार गौतम एड. तथा अधिवक्ता करन ठाकुर आकाश सक्सैना विनीत गौतम आदि उपस्थित रहे।