भाजपा नेता ने नगर आयुक्त का जताया आभार
मथुरा। मथुरा-वृन्दावन नगर निगम द्वारा क्षेत्र के दस वार्डों में सम्पत्ति कर को लेकर जारी किए गये नोटिस पर दाखिल आपत्तियों की सुनवाई के लिए 15 दिन की अवधि बढाये जाने पर आम नागरिकों के अलावा पार्षदों ने प्रसन्नता जाहिर की है।
निगम के दस वार्ड क्रमशः 17, 32, 34, 35, 46, 47, 51, 61, 66 एवं 69 में जी आई एस सौल्यूशन एंड टैक्नोलॉजी कम्पनी द्वारा किए गये सर्वे के उपरान्त भवन स्वामी, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को टैक्स के सम्बंध में नोटिस जारी किए गये। इस दौरान निगम ने कई बार विभिन्न समाचार पत्रों में विज्ञापन प्रकाशित कराकर उक्त वार्डों के नागरिकों को आगाह किया कि वे नोटिस के बारे में कोई आपत्ति हो तो लिखित में अवगत कराएं इस बीच काफी लोगों के साथ-साथ क्षेत्रीय पार्षदों ने आपत्ति लगाई कि उनको सुनवाई के बारे में जानकारी नही हुई। इसकी शिकायत लोगों ने नगर आयुक्त अनुनय झा से की। जिस पर उन्होंने मुख्य कर निर्धारण अधिकारी शिव कुमार गौतम, कर अधीक्षक उम्मेद सिंह से विचार विर्मश के उपरान्त 15 दिन 12 मार्च से 25 मार्च तक आपत्ति दाखिल करने का समय बढाने के आदेश जारी किये है। इस बारे में मुख्य कर निर्धारण अधिकारी शिव कुमार गौतम ने बताया कि इन वार्डो के जो लोग समय से आपत्ति प्रस्तुत नही कर पाये है उनके लिए यह अंतिम अवसर है। निगम के जनरल गंज स्थित कार्यालय के कक्ष सं. 34 में अपनी सम्पत्ति के विवरण का अवलोकन कर यदि कोई आपत्ति हो तो दाखिल कर सकते है।
भाजपा नेता संजय गोविल ने दस वार्डों के लोगों को सम्पत्ति कर मामले में सुनवाई की अवधि बढाने पर नगर आयुक्त का आभार जताते हुए निगम के अधिकारियों से जनहित में कार्य को अंजाम देने का अनुरोध किया है।