पुण्यतिथि पर ‘हनुमान अंश’ फिल्म के जरिए दादा को भावभीनी श्रद्धांजलि, भक्ति में डूबा माहौल

मथुरा। वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी ठाकुर प्रकाश सिंह ने बुधवार को अपने दादा स्व. ठाकुर श्री गिरधारी सिंह की पांचवीं पुण्यतिथि श्रद्धा और भावपूर्ण वातावरण में मनाई। इस अवसर पर उन्होंने पत्रकार साथियों, संत समाज और सैकड़ों समर्थकों के साथ धार्मिक फिल्म ‘हनुमान अंश’ का सामूहिक प्रदर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के दौरान पूरा माहौल भगवान हनुमान की भक्ति में सराबोर नजर आया।
फिल्म प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे ठाकुर प्रकाश सिंह का समर्थकों और पत्रकारों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। फिल्म के माध्यम से भगवान हनुमान के त्याग, भक्ति, पराक्रम और सेवा भाव से जुड़े प्रसंगों ने सभी को भावविभोर कर दिया।
इस अवसर पर ठाकुर प्रकाश सिंह ने कहा कि दादा स्व. ठाकुर गिरधारी सिंह की पुण्यतिथि उनके परिवार के लिए अत्यंत भावुक क्षण है। उन्होंने कहा कि दादा जी के संस्कार और समाजसेवा के प्रति उनका समर्पण सदैव प्रेरणा देता रहेगा।
आरएसएस के विभाग प्रचार प्रमुख डॉ. कमल कौशिक ने कहा कि पुण्यतिथि पर ‘हनुमान अंश’ जैसी धार्मिक फिल्म के माध्यम से भगवान हनुमान का स्मरण करना और उनके आदर्शों को जीवन में उतारना ही सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि हनुमान जी की भक्ति हमें सेवा, समर्पण, साहस और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।
महामंडलेश्वर धर्मेंद्र गिरी महाराज ने कहा कि दादा जी द्वारा दिए गए संस्कारों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
वहीं पूर्व विधायक श्याम सिंह अहेरिया ने कहा कि स्व. गिरधारी सिंह ने हमेशा समाज को जोड़ने का कार्य किया और आज उनके पौत्र द्वारा समाज के साथ यह आयोजन कर उनके सपनों को साकार किया गया है।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने स्व. ठाकुर गिरधारी सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान महामंडलेश्वर धर्मेंद्र गिरी महाराज, डॉ. कमल कौशिक, पूर्व विधायक श्याम सिंह अहेरिया, कल्याणम करोति के महासचिव सुनील शर्मा, पूर्व सैनिक परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष कर्नल लखन सिंह, ज्योतिषाचार्य हेमंत जास, आरएसएस प्रचारक अनमोल, मंडल उपाध्यक्ष प्रवीण चौधरी (आगरा), ठा. प्रेम सिंह प्रधान, राधाबल्लभ शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार नितिन गौतम, मोहन श्याम शर्मा, अनूप शर्मा, रवि यादव, परवेज अहमद, विष्णु पहलवान, अवधेश रावत, सुरेश सैनी, खन्ना सैनी, समाजसेवी हुकुम सिंह, भागवत गौतम, पवन चौहान, तनुज खंडेलवाल सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।