योगी सरकार बनते ही सबसे पहले मथुरा में चला बुलडोजर, 3 अवैध कॉलोनियो में हुई जबरदस्त तोड़-फोड़

मथुरा। प्रदेश में योगी सरकार बनते ही सबसे पहले बुलडोजर मथुरा जिले में विकास प्राधिकरण की टीम ने अवैध रूप से विकसित की जा रही कालोनियों पर चला दिया है। पूरे चुनावी समय में माफिया और अवैध कार्य करने वालों पर बुलडोजर चलने का मुद्दा छाया रहा। मुख्यमंत्री बार बार कहते रहे फिर से सरकार आने पर बुलडोजर समाज विरोधी तत्वों को बख्सेगा नहीं जिसका आम जनता ने भाजपा को पूर्ण बहुमत देकर अपना समर्थन जताया है।

प्रदेश के अधिकारी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा को पूरी तरह भांप गए हैं। विधानसभा की मतगणना समाप्त होने के अगले दिन आज शुक्रवार को मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण की टीम ने तीन अवैध कालोनियों में बुलडोजर से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। सबसे पहले आर के यादव द्वारा छटीकरा राधा कुंड क्षेत्र में 78,000 वर्ग मीटर में अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनी पर बुलडोजर चलाया गया । इस दौरान बुलडोजर ने कॉलोनी में बनी सड़क चाहरदीवारी और छह कमरों को जमींदोज कर दिया। इसके अलावा केशव ठाकुर द्वारा ग्राम वाटी में 6 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही कॉलोनी में भी बुलडोजर ने बुरी तरह ध्वस्तीकरण किया। तीसरी कॉलोनी छटीकरा राधा कुंड रोड पर रघुनंदन अग्रवाल द्वारा विकसित की गई थी जिसमें मुख्य सड़क की ओर बने कमरे तोड़े गए।
प्राधिकरण सचिव राजेश कुमार सिंह का कहना है कि बार-बार सचेत किए जाने के बावजूद भू माफिया अवैध रूप से कॉलोनी विकसित करने से बाज नहीं आ रहे इसलिए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को प्रभावी बनाया जा रहा है।
शुक्रवार को ध्वस्तीकरण कार्रवाई में जिलाधिकारी द्वारा नामित डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रियंका गोयल थाना जेत के पुलिस बल के अलावा विकास प्राधिकरण के सहायक अभियंता एन एस चौहान अवर अभियंता अशोक कुमार चौधरी दिनेश कुमार सुनील कुमार मनीष चतुर्वेदी अनिरुद्ध यादव मनोज कुमार अग्रवाल एवं अन्य प्राधिकरण कर्मी मौजूद रहे।