मथुरा में सुसाइड से पहले युवक ने बनाया वीडियो, कहा- तीन किन्नर है मेरी मौत के जिम्मेदार

परवेज अहमद
मथुरा, (राजपथ मथुरा ब्यूरो)। गोविंद नगर क्षेत्र अंतर्गत बिरला मंदिर इलाके में रहने वाले एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक  ने मरने से पहले अपने मोबाइल फोन से वीडियो बनाते हुए कहा कि उसकी मौत का जिम्मेदार तीन किन्नर है जो उसे जबरदस्ती किन्नर बना रहे थे। इससे तंग आकर ही आत्महत्या को मजबूर हो रहा हूं। उसने परिजनों से कहा कि इन तीनों के खिलाफ  कठोर कार्यवाही की जाए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

मिली जानकारी के अनुसार थाना गोविंद नगर क्षेत्र अंतर्गत बिरला मंदिर चौकी के बराबर कृष्णापुरम कॉलोनी निवासी 22 वर्षीय हरप्रसाद पुत्र चन्द्रकिशोर जोशी ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। परिवार में कोहराम मच गया। मरने से पहले युवक ने अपने मोबाइल फोन से एक वीडियो बनाते हुए उसने कहा कि मेरी मौत के जिम्मेदार तीन मुन्ना, उजाला, सोनम किन्नर हैं जो मुझे जबरदस्ती किन्नर बनाना चाहते हैं। वह मेरा लगातार शोषण कर रहे थे उन से तंग आकर ही मैं आत्महत्या कर रहा हूं। इन तीनों किन्नरों के खिलाफ जरूर कार्यवाही की जाए। उसने कहा कि यह किन्नर लगातार नए लड़कों को बहला-फुसलाकर अपने जाल में फंसा लेते हैं और फिर उसे किन्नर बनने पर मजबूर कर देते हैं। यही नहीं उसके बाद यह लोग किन्नर बनाने के बाद उसे छोड़ देते है। जिससे वह न घर वालों का रह पाता है और ना ही समाज का। सूचना मिलते ही बिरला मंदिर चौकी प्रभारी अमित कुमार मय फोर्स के मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों का रो- रो कर बुरा हाल है। परिजनों ने तीनों किन्नरों के खिलाफ  गोविंद नगर पुलिस को तहरीर दी है। इस संबंध में थाना प्रभारी संजय पाण्डे ने बताया कि मृतक के परिजनों ने तीन किन्नरों के खिलाफ रिर्पोट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। वह मामले की जांच कर रहे है। मृत युवक के मोबाइल की भी जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्यवाही की जायेगी।