वृंदावन, (राजपथ ब्यूरो/पुनीत शुक्ला) श्री धाम वृंदावन में पेट्रोल की समस्या एक बहुत बड़ी समस्या के रूप में देखी जाती है जिसको लेकर शहर में मोटरसाइकिल रिपेयरिंग की दुकानों पर अवैध रूप से पेट्रोल बेचा जाता है। गुरुवार की शाम लगभग 5:30 बजे मथुरा वृंदावन रोड पर बस स्टैंड के पास नत्थी मोटर स्पेयर पार्ट की दुकान में पेट्रोल से भरी केन में अचानक आग लग गई। आनन-फानन में दुकानदार ने पेट्रोल से भरी केन को दुकान के बाहर फेंक दिया। तत्काल पानी डालकर आग पर काबू पाया गया। जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया।
सबसे बड़ी बात यह है कि आज चुनाव का दिन होने के बावजूद 6:00 बजे से पहले दुकानें कैसे खुल गई। निश्चित रूप से पुलिस प्रशासन का इस ओर बिल्कुल भी ध्यान नहीं है। इसकी सूचना तत्काल कोतवाली वृंदावन में दी गई। इस मामले को कोतवाल वृंदावन अजय कौशल द्वारा बेहद गंभीरता से नहीं लिया गया। काफी समय बाद भी एक भी सिपाही मौके पर नही पहुँचा। पेट्रोल की ब्लैक मार्केटिंग में पुलिस प्रशासन की भी मिलीभगत सिद्ध होती है। पेट्रोल की कालाबाजारी के चलते पहले भी एक बड़ा हादसा हो चुका है। जिसमें मोटर साइकिल पर पेट्रोल लाते समय भयंकर आग लग जाने से दो लोग गंभीर रूप से जल चुके हैं।
वृंदावन जैसे अंतरराष्ट्रीय शहर में पेट्रोल पंप न होना अपने आप में बहुत बड़ी बात है। जहां सांसद और विधायक मिलकर भी इस समस्या का हल नहीं निकाल पाए हैं। आगे पेट्रोल की यह ब्लैक मार्केटिंग कोई गंभीर हादसे को न्योता दे सकती है। अगर प्रशासन द्वारा इस पर शीघ्र कोई कार्यवाही नहीं की गई तो कईयों की जान भी जा सकती है।