संत प्रेमानंद के स्वास्थ और श्रद्धालुओं की संख्या में हो रही वृद्धि को देखते हुए अब ये पदयात्रा अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी है। विदित हो, रात के समय पदयात्रा के शोरगुल पर रास्ते में पड़ने वाली कॉलोनियों के लोगों ने पिछले दिनों इसका विरोध किया था। इसके परिणाम स्वरूप आश्रम को ये निर्णय लेना पड़ा।

छटीकरा मार्ग स्थित श्रीकृष्ण शरणम कॉलोनी स्थित आवास से संत प्रेमानंद अपने शिष्यों के साथ पदयात्रा करते हुए प्रेममंदिर के पीछे से रमणरेती स्थित श्रीराधा केलिकुंज के लिए रात दो बजे रोजना निकलते थे। इस पदयात्रा के बीच पड़ने वाली एनआरआइ ग्रीन कॉलोनी के निवासियों ने पदयात्रा के दौरान होने वाले ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ बिगुल फूंक दिया। सोमवार को कालोनी की महिलाओं ने हाथ में तख्तियां लेकर संत प्रेमानंद की पदयात्रा का विरोध किया था।