नौकरी तलाशने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बनें युवा: भूपेंद्र सिंह

फरह। पंडित दीनदयाल धाम मेले में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह ने युवाओं किसानों और लघु उद्योगों को लेकर विचार रखे। उन्होंने युवाओं से स्वरोजगार और उद्यमिता की ओर बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि आज जरूरत केवल नौकरी तलाशने की नहीं बल्कि रोजगार देने वाले युवा तैयार करने की है। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने हुनर को व्यवसाय में बदलकर रोजगार सृजन में भागीदारी करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए बड़े उद्योगों के साथ लघु उद्योग और एमएसएमई क्षेत्र को मजबूत करना जरूरी है। मथुरा के पेड़ा लड्डू और अन्य पारंपरिक उत्पादों की प्रोसेसिंग पैकेजिंग और ब्रांडिंग कर उन्हें बड़े बाजार से जोड़ने की जरूरत है। इससे स्थानीय उत्पादों को नई पहचान मिलने के साथ युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे। भूपेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य गरीब किसान और युवाओं सहित समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना उज्ज्वला योजना आयुष्मान भारत और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का उल्लेख किया।

उन्होंने बताया कि लघु उद्योग विभाग हलवाई मोटर मैकेनिक कंप्यूटर सहित 25 से अधिक ट्रेडों को योजनाओं से जोड़कर युवाओं को प्रशिक्षण वित्तीय सहायता और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहा है। मंत्री ने लोगों से मताधिकार का प्रयोग जागरूकता और जिम्मेदारी के साथ करने की अपील की। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय और एकात्म मानव दर्शन के विचारों को अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि विकास की प्रक्रिया में किसान और युवा प्राथमिकता में रहने चाहिए।