एमवीडीए ने हनुमत विहार-गोविंद विहार योजना के भूखंडों की रजिस्ट्री की प्रारंभ

मथुरा। मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण द्वारा हनुमत विहार आवासीय योजना-2024 एवं गोविंद विहार आवासीय योजना-2025 के अंतर्गत आवंटित भूखंडों की रजिस्ट्री प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इन योजनाओं के तहत पूर्व में लॉटरी प्रणाली के माध्यम से भूखंडों का आवंटन किया गया था।
प्राधिकरण के संपत्ति अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी आवंटियों को अपने-अपने भूखंडों की निर्धारित धनराशि समय पर जमा करानी होगी तथा रजिस्ट्री से संबंधित आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करनी होंगी।
उन्होंने बताया कि निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बाद आवंटी नियमानुसार स्टाम्प पेपर पर रजिस्ट्री कराकर अपने भूखंड का विधिवत कब्जा प्राप्त कर सकेंगे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि रजिस्ट्री के दौरान आवंटन पत्र में उल्लिखित सभी नियम एवं शर्तें पूर्ववत लागू रहेंगी जिनका पालन करना अनिवार्य होगा।
एमवीडीए ने सभी आवंटियों से अपील की है कि वे समय रहते अपनी प्रक्रिया पूर्ण कर लें ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। साथ ही प्राधिकरण कार्यालय द्वारा इस संबंध में आवंटियों को हर संभव सहयोग उपलब्ध कराने की बात भी कही गई है।