नौहझील (होशियार सिंह)। एक सप्ताह पूर्व लापता व्यापारी का शव थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव देदना खादर के समीप यमुना नदी में तैरता मिला। शव मिलने की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कस्बा नौहझील निवासी गोपाल अग्रवाल 42 वर्ष पिछले वृहस्पतिवार की सुबह लगभग आठ बजे घर से बाजना रोड स्थित अपनी स्पेयर पार्ट्स की दुकान पर जाने की बात कहकर घर से निकला था। दूसरे दिन भी वह घर नहीं पहुंचे। शुक्रवार सुबह यमुना पुल पर उनकी चप्पल पडी मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोर बुलाकर यमुना में काफी तलाश कराई। मगर व्यापारी का पता नहीं चला।
वृहस्पतिवार सुबह लगभग 10 बजे देदना खादर के समीप स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को यमुना नदी में एक शव दिखने की जानकारी दी । जहां परिजनों ने शव की पहचान गोपाल अग्रवाल के रुप में की। मृतक के भाई दीपक अग्रवाल ने गोपाल की हत्या की आशंका जताई है। मृतक व्यापारी गोपाल एक भोलाभाला मिलनसार स्वभाव का व्यक्ति था।
सीओ मांट नेत्रपाल सिंह ने बताया कि मृतक व्यापारी के परिजनों द्वारा थाने पर गोपाल की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। सात दिन बाद बुधवार को उसका यमुना नदी से शव बरामद किया गया है। व्यापारी ने आत्महत्या की है या उसकी हत्या की गई है। यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा।