बृज की सभी परिक्रमाओं के साथ बृज रज उत्सव का समापन

मथुरा। उ.प्र. बृज तीर्थ विकास परिषद द्वारा आयोजित बृज रज उत्सव का आज मथुरा और बल्देव की परिक्रमा के साथ समापन हो गया।
शुक्रवार को परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी नगेन्द्र प्रताप सिंह के संयोजन में अधिकारियों और आम नागरिकों ने विश्राम घाट से परिक्रमा का शुभारम्भ किया। बल्देव में विधायक पूरन प्रकाश और तीर्थ विकास परिषद के उप कार्यपालक अधिकारी पंकज वर्मा के नेतृत्व में परिक्रमा की गयी।
मथुरा की परिक्रमा के दौरान कुछ एक स्थानों पर संकरे मार्ग, जर्जर सड़क, अण्डर पास के बारे में हिन्दुवादी नेता गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी ने मथुरा-वृन्दावन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नगेन्द्र प्रताप को अवगत कराया। परिक्रमा के दौरान शिवताल कुण्ड के आस-पास अवैध निर्माण हटाने की लोगों द्वारा मांग की गयी।

रंगेश्वर मंदिर से आगे डैम्पीयर नगर की ओर जाने वाले अम्बाखार के संकरे मार्ग को चौडीकरण करने की बात भी सामने आई। परिक्रमा पूर्ण होने पर उ.प्र. तीर्थ विकास परिषद के सीईओ नगेन्द्र प्रताप ने कहा कि बृज रज उत्सव के अन्तर्गत वृन्दावन, गोवर्धन, राधाकुण्ड, नंदगांव, बरसाना, मथुरा, बल्देव की परिक्रमा की गई। इन सभी परिक्रमाओं में जो भी आवश्यक सुविधाओं की जरूरत है उसकी व्यवस्था के लिए डीपीआर बनवाई जायेगी। मथुरा की परिक्रमा में साफ-सफाई की व्यवस्था को लेकर उन्होंने नगर निगम की सराहना की। परिक्रमा का बृजनगर में फूलों की वर्षा कर स्वागत किया गया।

परिक्रमा के दौरान भाजपा के युवा नेता पुनीत चतुर्वेदी, गोपाल चतुर्वेदी एड़, आशीष चतुर्वेदी, माला राम शास्त्री, विजय बहादुर सिंह आदि के अलावा अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।