मथुरा। शुक्रवार को ब्रज में अक्षय नवमी पर्व पर श्रद्धालुओं द्वारा बड़ी संख्या में मथुरा वृंदावन सहित तीन वन की परिक्रमा लगाई जाएगी । आज रात्रि से ही श्रद्धालु परिक्रमा प्रारंभ कर देंगे। मथुरा वृंदावन नगर निगम ने लोगों की सुविधा के लिए समूचे परिक्रमा मार्ग में प्रकाश व्यवस्था और सफाई के उच्च प्रबंध किए हैं।
गुरूवार को मथुरा-वृन्दावन में परिक्रमार्थियों द्वारा लगाये जाने वाली परिक्रमा को सुगम बनाये जाने के दृष्टिगत महापौर डा. मुकेश आर्यबन्धु एवं नगर आयुक्त अनुनय झा द्वारा परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान परिक्रमार्थियों को परिक्रमा के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पडे, इस हेतु सफाई, पैच मरम्मत कार्य होते मिले।
ग्राम अक्रूर से अहिल्यांगज खादर तक कच्ची परिक्रमा मार्ग के निरीक्षण में नगर आयुक्त द्वारा कच्ची परिक्रमा मार्ग में आवश्यकतानुसार मिट्टी डलवाने के साथ परिक्रमा मार्ग को समतल कराये जाने तथा परिक्रमार्थियों की सुविधार्थ परिक्रमा मार्ग में दिशा सूचक बोर्ड लगाये जाने हेतु अधिशासी अभियन्ता सिविल को निर्देशित किया गया।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परिक्रमार्थियों हेतु परिक्रमा मार्ग पर सफाई, प्रकाश, पैच मरम्मत, चूना छिडकाव व्यवस्था तत्काल पूर्ण कर ली जाये।
निरीक्षण के दौरान वार्ड सं. 43 के पार्षद मेघश्याम सैनी सहित निगम के अधिकारी मौजूद रहे उपस्थित रहे।