मथुरा के तीन प्रमुख चौराहों पर हाईटेक सिस्टम प्रारंभ, शुक्रवार से उल्लंघन करने पर पड़ेगी आर्थिक दंड की मार
इंटीग्रेटेड ट्रेफिक मैनेजमेंट सिस्टम से चौराहे पर जाम,प्रदूषण, अपराधिक गतिविधि की जानकारी होगी कंट्रोल रूम में रिकॉर्ड
मथुरा। शहर के तीन प्रमुख चौराहों पर शुक्रवार से हाईटेक प्रणाली प्रारंभ हो जाएगी जिसके तहत लाल बत्ती का उल्लंघन बिना हेलमेट तीन सवारी वाहन और गलत दिशा में चलने का खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ेगा। ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर टैंक चौराहा कृष्णा पुरी चौराहा और मसानी चौराहे पर बुधवार से लाल बत्ती सिग्नल और हाईटेक कैमरो ने काम करना प्रारंभ कर दिया है। गुरुवार को भी इन चौराहों पर ट्रायल कार्रवाई जारी रहेगी। शुक्रवार से नियमों का उल्लंघन करने वालों को आर्थिक दंड दिया जाएगा । नगर निगम के औरंगाबाद जोन में इन तीनों चौराहों की व्यवस्था के लिए अस्थाई कंट्रोल रूम बनाया गया है जहां पुलिस, निगम और एआरटीओ के कर्मचारी तैनात रहेंगे। इसके अलावा कार्यदाई संस्था टेक्नोसिस सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के तकनीकी विशेषज्ञ इनकी सहायता करेंगे। गुरुवार को ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा द्वारा कंट्रोल रूम का उद्घाटन किया जाएगा । शुक्रवार से इन चौराहों से गुजरने के दौरान लाल बत्ती का उल्लंघन तीन सवारी बिना हेलमेट गलत दिशा में चलने आदि की लोगों को चालान के रूप में कीमत चुकानी पड़ेगी। इन तीन चौराहों के अलावा मथुरा-वृंदावन के 17 अन्य चौराहों पर भी आईटीएमएस के अंतर्गत ट्रैफिक कंट्रोल लाइट और कैमरा माईक लगाने का कार्य तेजी से चल रहा है । आगामी मार्च माह तक सभी चौराहों पर कार्य पूर्ण हो जाएगा।

नगर आयुक्त अनुनय झा मुताबिक़ राज स्मार्ट सिटी परियोजना अंतर्गत इंटीग्रेटेड ट्रेफिक मैनेजमेंट सिस्टम मथुरा वृंदावन में लागू करने के लिए नगर निगम द्वारा करीब 39 करोड़ रु की धनराशि से 20 चौराहों पर ट्रैफिक लाइट कैमरा लगाने का कार्य किया जा रहा है। इनके लिए स्थाई तौर पर कंट्रोल रूम नगर निगम के जनरल गंज स्थित कार्यालय में बनाया जा रहा है जिसके निर्माण के लिए मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण द्वारा करीब 50 लाख रु की धनराशि प्रदान की गई है।
ट्रैफिक सिग्नल शहरी यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने में मददगार साबित होगा। ई-चालान के माध्यम से जो व्यक्ति ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करेगा उसका चालान किया जायेगा। इस परियोजना के अन्तर्गत 20 चौराहों पर ई.सी.बी. लगायी जानी प्रस्तावित है जिसमें से 3 लगकर तैयार है। ई.सी.बी. के माध्यम से 1 बटन दबाकर कमाण्ड एण्ड कन्ट्रोल रुम में बैठे पुलिस से सम्पर्क किया जा सकता है। पब्लिक एड्रेस सिस्टम की मदद से लोगो को ट्रैफिक के नियमों के प्रति जागरुक किया जायेगा। बुधवार को नगर आयुक्त अनुनय झा की अध्यक्षता में हुयी बैठक में निर्णय लिया गया है कि 3 चौराहा पर आई.टी.एम.एस. परियोजना को सुचारु रुप से संचालित किया जाय। इस बैठक में एस.पी.ट्रैफिक, सीओ ट्रैफिक प्रभारी मुख्य अभियन्ता एवं मैनेजर (एम.एस.आई.) उपस्थित रहें।