हेमा मालिनी के कहने पर रिफायनरी बांटेगी 100 दिव्यांगजनों को निःशुल्क ट्राईसाईकिल

मथुरा। सांसद हेमामालिनी के आग्रह पर मथुरा रिफायनरी द्वारा सीएसआर कार्यक्रम के तहत 100 दिव्यांगजनों को निःशुल्क ट्राईसाईकिल का वितरण किया जायेगा। इसको लेकर 21 दिसम्बर से 31 दिसम्बर तक जनपद के नौ ब्लॉको पर चिन्हांकन शिविरों का आयोजन किया जायेगा। इन शिविरों में लाभार्थी को जांच के बाद विकलांग प्रमाणपत्र एवं आय प्रमाण पत्र भी जारी किया जायेगा। ट्राईसाईकिल पाने की पात्रता शर्त के तहत 80 प्रतिशत या उससे अधिक अस्थिबाधित को ही पात्र माना जायेगा।

चिन्हांकन शिविरों के आयोजन के लिए डीएम ने मुख्य चिकित्साधिकारी के अलावा सभी उपजिलाधिकारी व ब्लॉक अधिकारियों को ब्लॉकवार तिथि के अनुरूप शिविर लगाने को कहा है जिसमें 21 दिसम्बर को विकास खण्ड फरह के सभागार में चिन्हांकन शिविर का आयोजन किया गया । इसी प्रकार 22 को गोवर्धन में 23 को बल्देव में 24 को मथुरा में 27 को राया में 28 को चौमुहां 29 को छाता में 30 को मांट में 31 को विकास खण्ड नौहझील में उक्त शिविर का आयोजन किया जायेगा। जिलाधिकरी के निर्देश के बाद ब्लॉकों में शिविर लगाने की तैयारियां प्रारम्भ कर दी गयी है। सांसद प्रतिनिधि जर्नादन शर्मा के अनुसार सूची बनने के बाद जनवरी में पात्रों को लाभान्वित किया जायेगा।