भाजपा ने युवा चेहरे पर जताया भरोसा, युगल लवानिया बने जिला आईटी सह संयोजक
मथुरा। भारतीय जनता पार्टी, मथुरा में संगठन ने एक बार फिर युवा चेहरे पर भरोसा जताते हुए युगल लवानिया को जिला कार्यकारिणी में जिला आईटी सह संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी है। यह नियुक्ति उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी एवं जिला अध्यक्ष निर्भय पांडे की संस्तुति के उपरांत की गई है।
युगल लवानिया को पुनः यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन में युवाओं के प्रति बढ़ते विश्वास का प्रतीक बताया।
अपनी नियुक्ति पर युगल लवानिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि जनभावनाओं से जुड़ी एक सशक्त संगठन है, जहां एक सामान्य कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत और समर्पण के बल पर उच्च स्तर तक पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि पार्टी की यही विचारधारा उन्हें प्रेरित करती है। उन्होंने प्रदेश नेतृत्व एवं जिला अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है, उसे वह पूरी निष्ठा और लगन के साथ निभाएंगे तथा संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।