नगर विकास-ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा के आगमन की तैयारियों में जुटे बिजली नगर निगम विभाग

पागल बाबा विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण, गौ महोत्सव में सहभाग, और विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास-लोकार्पण करेंगे
स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 में उल्लेखनीय प्रदर्शन पर मथुरा-वृंदावन नगर निगम में उत्साह

मथुरा। प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा शनिवार को मथुरा के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे वृंदावन स्थित पागल बाबा विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण करेंगे जो क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाएगा। नोयडा से आने के पश्चात सबसे पहले वह साढ़े 11 बजे बिहारी जी मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके पश्चात वह पागल बाबा बिजलीघर पर विघुत उपकेंद्र का लोकार्पण करेंगे।
मंत्री श्री शर्मा वृंदावन स्थित तुलसी तपोवन गौशाला मावली में आयोजित “गौ महोत्सव” में प्रतिभाग करेंगे। यह कार्यक्रम विश्व जागरण मानव सेवा संघ चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आयोजित किया जा रहा है जिसमें गौ सेवा, संरक्षण और जागरूकता को केंद्र में रखते हुए विविध गतिविधियाँ संपन्न होंगी।
मंत्री श्री शर्मा का अगला कार्यक्रम पाञ्चजन्य ऑडिटोरियम, डैंपियर नगर में होगा जहाँ वे नगर विकास एवं ऊर्जा विभाग की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य नगरीय सुविधाओं को बेहतर बनाना तथा क्षेत्र की आधारभूत संरचना को और अधिक सुदृढ़ करना है। सांय 6 बजे मंत्री नंदगांव में दर्शन करेंगे वही से नोयडा के लिए प्रस्थान कर जायेंगे।
इस अवसर पर स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 में मथुरा-वृंदावन नगर निगम को 3 से 10 लाख जनसंख्या वाले शहरों की श्रेणी में ‘3 स्टार’ के साथ देशभर में ग्यारहवां स्थान प्राप्त होने पर नगर निगम के अधिकारियों, सफाईकर्मियों और कर्मचारियों में विशेष उत्साह है।
नगर निगम के अधिकारीगण मंत्री श्री शर्मा का स्वागत करने को पूरी तरह तत्पर हैं। यह उपलब्धि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन के विज़न, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रतिबद्धता और मंत्री श्री शर्मा के नेतृत्व में शहरी सुधारों की सतत निगरानी का परिणाम है।
श्री शर्मा शनिवार रात्रि निर्धारित समयानुसार जनपद से प्रस्थान करेंगे।