हेमामालिनी ने जिला पंचायत में किया 308 कार्यों का शिलान्यास- लोकार्पण

मथुरा। जनपद में विकास कार्यों की गंगा बह रही है, विकास कार्यों में पैसे की कमी नहीं आने देंगे मथुरा के सर्वांगीण विकास के पुरजोर प्रयास जारी रहेंगे। उक्त विचार सांसद हेमामालिनी ने जिला पंचायत द्वारा 308 कार्यों के शिलान्यास/लोकार्पण के कार्यक्रम में प्रकट किये।
जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी द्वारा अपने कार्यकाल के एक वर्ष पूर्ण होने पर जिला पंचायत के विभिन्न वार्डों में 308 कार्यों का शिलान्यास/लोकार्पण स्थानीय सांसद श्रीमती हेमामालिनी के हाथों फीता कटवाकर किया। जिला पंचायत कार्यालय में बने राजीव गांधी सभागार में गुरूवार को दोपहर सभासदों की मौजूदगी में यह कार्यक्रम हुआ। सांसद हेमामालिनी का स्वागत जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी, विपक्षी नेता देवराज सिंह, अपर मुख्य अधिकारी सुधीर, प्रधान सभा के अध्यक्ष प्रताप सिंह सहित वहां मौजूद जिला पंचायत सदस्यों ने किया।
इस अवसर पर सांसद हेमामालिनी ने अपने उद्बोधन में कहा कि जिला पंचायत द्वारा 37.5 करोड रूपये 308 विकास कार्यों का उद्घाटन करते हुए खुशी हो रही है। यह जिला पंचायत अध्यक्ष के लिये स्पेशल डे है क्योंकि अपने इतने छोटे कार्यकाल में उन्होंने जनपद में विकास की गंगा बहाई है वह काबिले तारीफ है । जनपद में होने वाले बडे कार्यों को वह करायेंगी इसके लिये 14 हजार करोड़ की धनराशि मथुरा के लिये स्वीकृत कराई है जिसमें राष्ट्रीय राज मार्ग, बृज चौरासी कोस का विकास आदि कई कार्य है। भाजपा को जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी पर गर्व है क्योंकि उन्होंने बिना भेदभाव पार्टी के सदस्यों सहित विपक्षी पार्टी के सदस्यों के वार्डों में भी विकास कार्य पूर्ण तन्मयता से कराये व करा रहे है। जिला पंचायत द्वारा जो कार्य वार्डों में कराये जाते है वहीं असली विकास होता है क्योंकि नाली, खरंजा, गांव की छोटी सड़कें गरीबों के काम आती है। भाजपा की सोच है कि विकास देश की अंतिम पंक्ति में खड़े हर नागरिक तक पहुंचे।
कार्यक्रम के अंत में जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी ने सांसद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बीजेपी बिना भेदभाव के विकास कार्य करने में विश्वास करती है।