बसंत पंचमी पर बांके बिहारी मंदिर में जमकर उड़ा गुलाल, ब्रज में होली का हुआ शुभारंभ

मथुरा । वृन्दावन में बसंत पंचमी पर ठा. बांकेबिहारी मंदिर में अबीर-गुलाल उड़ा। बसंत पंचमी के अवसर पर ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में शनिवार की सुबह ठाकुरजी ने भक्तों संग अबीर-गुलाल से होली खेलकर ब्रज में 40 दिवसीय होली का आगाज किया। बासंतिक परिवेश में हीरे जवाहरात धारण कर कमर में गुलाल की पोटली बांध ठाकुरजी ने भक्तों को दर्शन दिए। सेवायतों ने आराध्य के गालों पर गुलाल लगाया और ठाकुरजी का प्रतिनिधित्व करते हुए भक्तों पर जमकर गुलाल उड़ाया। मंदिर में गुलाल के गुबार में सराबोर होने को हर भक्त लालायित नजर आया। उधर, वृंदावन के शाहजी मंदिर में दोपहर को बसंत कमरा खोला जाएगा। बसंत पंचमी पर ठाकुर राधारमणलाल भक्तों को वसंती कमरे में विराजमान होकर दर्शन देंगे। ठाकुरजी के प्रसादी गुलाल में सराबोर होने को देश दुनिया के भक्त मंदिर पहुंचें। वृंदावन के राधावल्लभ मंदिर, राधारमण मंदिर, शाह बिहारी मंदिर, राधा दामोदर, राधा श्यामसुंदर मंदिर सहित सप्त देवालयों में रंगोत्सव की शुरूआत हो गयी । बसंत पंचमी से छाएगी होली की मस्ती। भगवान श्रीकृष्ण-राधा के अनूठे प्रेम की धरती ब्रज में रंग और उमंग का त्योहार होली बसंत पंचमी से शुरू होता है। इसी के साथ ब्रज मे चालीस दिवसीय फाग महोत्सव की मस्ती शुरू हो जाती है। आस्था के रंग में श्रद्धालु सराबोर होते हैं। मंदिरों में होली का डांडा गड़ जाता है। मंदिरों में रसिया गायन शुरू हो जाता है। बरसाना की लठामार होली में शामिल होने देश-दुनिया के श्रद्धालु आते हैं। ब्रज की होली का देश-दुनिया के श्रद्धालुओं को वर्ष भर इंतजार रहता है। बसंत पंचमी से ब्रज में होली की मस्ती छाने लगती है । भगवान श्रीकृष्ण-राधा की भक्ति में श्रद्धालु सराबोर हो जाते हैं और मंदिरों में होली के रसिया का आनंद लेते हैं। बरसाना की लठामार होली में श्रद्धालु आस्था के रंग में सराबोर हो जाते हैं। बरसाना के आसमान में सतरंगी बादल छा जाते हैं। भगवान श्रीकृष्ण-राधा की भक्ति में श्रद्धालु झूमने लगते हैं। अबीर-गुलाल के बदरा में भक्ति का रंग चढ़ जाता है। बसंत पंचमी से श्रद्धालु वसंती बयार में झूमने लगते हैं। रंगभरनी एकादशी पर मंदिरों में रंगों की होली का आनंद श्रद्धालु लेते हैं।

ब्रज की प्रमुख होली के कार्यक्रम
10 मार्च : फाग आमंत्रण महोत्सव नंदगांव, लड्डू होली बरसाना।
11 मार्च : बरसाना की लठामार होली।
12 मार्च : नंदगांव की लठामार होली।
14 मार्च : श्रीकृष्ण जन्मभूमि, श्री द्वारिकाधीश और बिहारीजी मंदिर की होली।
16 मार्च : गोकुल की छड़ी मार होली।
18 मार्च : फालेन में धधकती आग से निकलेगा पंडा।
19 मार्च : होली।
20 मार्च : नंदगांव, जाब और दाऊजी में हुरंगा।
20 मार्च : चरकुला नृत्य मुखराई।
21 मार्च : गिडोह तथा बठैन में हुरंगा।
23 मार्च : रंग पंचमी फूलडोल मेला खायरा।