वृंदावन में होने वाले ब्रज रज उत्सव को भव्य बनाने के लिए अधिकारी लगा रहे हैं दिल्ली तक दौड़

केंद्रीय अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी से हुनर हाट लगवाने का किया अनुरोध

मथुरा। नवंबर माह के द्वितीय माह में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा वृंदावन में कुंभ सरक्षित भूमि पर ब्रज रज उत्सव 2021 मेले का आयोजन किया जाएगा। उत्सव को भव्य रूप प्रदान करने के लिए हुनर हाट की व्यवस्था की जा रही है जिसमें शिल्प कला की प्रदर्शनी के साथ-साथ विभिन्न घरेलू हाथ से बने उत्पादों की दुकानें लगाई जाएंगी।

ब्रज रज उत्सव में हुनर हाट के आयोजन के लिए शुक्रवार को उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्रा के नेतृत्व में सीईओ नगेंद्र प्रताप एमबीडीए के ओएसडी क्रांति शेखर सिंह ने नई दिल्ली में केंद्रीय अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी से उनके आवास पर भेंट की। उपाध्यक्ष श्री मिश्र ने मंत्री को अवगत कराया कि 10 नवंबर से 24 नवंबर तक 15 दिवसीय ब्रज रज उत्सव का वृंदावन में आयोजन किया जा रहा है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा हुनर हाट लगने से शिल्प कला का प्रदर्शन होगा और इस आयोजन से कलाकारों एवं शिल्पियों को अपनी कला के लिए एक बड़ा अवसर मिलेगा। इस मेले से व्यवसाय में वृद्धि होगी। हुनर हाट में 200 के करीब शिल्पियों की भागीदारी अपेक्षित है।

हुनर हाट के आयोजन को लेकर सांसद हेमा मालिनी ने भी मंत्री श्री नकवी को पत्र लिखा है। यूपीबीटीवीपी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी नगेंद्र प्रताप ने मंत्री को अवगत कराया कि पर्यटन की दृष्टि से ब्रज में लाखों तीर्थयात्री आते हैं । हुनर हाट जैसे आयोजन होने से इसका एक अच्छा संदेश आम जनता के बीच जाएगा। मंत्री ने अधिकारियों को आश्वासन दिया कि उनका मंत्रालय हुनर हाट लगाने की व्यवस्था पर विचार करेगा । ज्ञात रहे हुनर हाट का आयोजन देश भर में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्रालय की आठ टीमों द्वारा किया जाता है। वर्तमान में यह आयोजन रामपुर देहरादून आदि स्थानों पर चल रहे हैं।