नगर निगम मथुरा-वृन्दावन का पुनरीक्षित बजट 563 करोड रू. स्वीकृत

तम्बाकू उत्पाद लाईसेंस शुल्क निर्धारण विनियमन नियंत्रण एवं अनुज्ञप्ति शुल्क उपविधि मंजूर

मथुरा। नगर निगम मथुरा-वृन्दावन बोर्ड की कार्यकारिणी समिति की बैठक में नगर निगम मथुरा-वृन्दावन का पुनरीक्षित बजट 563 करोड रू. स्वीकृत करते हुए तम्बाकू उत्पाद लाईसेंस शुल्क निर्धारण विनियमन नियंत्रण एवं अनुज्ञप्ति शुल्क उपविधि को मंजूरी प्रदान कर दी गयी है। समिति की बैठक शुक्रवार को महापौर डा. मुकेश आर्यबन्धु की अध्यक्षता में भूतेश्वर स्थित जलकल सभागार में सम्पन्न हुयी।
बैठक में सदन प्रभारी/सहायक नगर आयुक्त राजकुमार मित्तल द्वारा 15 सित. को सम्पन्न कार्यकारिणी की बैठक की सम्पुष्टि हेतु प्रस्ताव पढ़कर कार्यकारिणी के समक्ष रखे गये, जिस पर समिति द्वारा सम्पुष्टि की सहमति व्यक्त की गयी। इसके उपरान्त लेखाधिकारी डा. गीता कुमारी द्वारा कार्यकारिणी के समक्ष पुनरीक्षित बजट प्रस्तुत किया गया। कार्यकारिणी द्वारा वित्तीय वर्ष 2021-22 का पुनरीक्षित बजट 563 करोड रू. स्वीकृत किया गया। कुल बजट रू. 563 करोड में वित्तीय वर्ष 2021-22 में सकल प्राप्तियों का अनुमान रू. 372 करोड एवं गत वर्ष में विभिन्न अनुदानों का अन्तिम अवशेष रू. 191 करोड सम्मिलित है। बजट में राज्य वित्त आयोग, 15 वॉ वित्त आयोग, अवस्थापना विकास निधि, कान्हा पशु योजना, निराश्रित गौ-वंश चारा व्यवस्था अनुदान, अमृत योजना, स्वच्छ भारत मिशन, ह्रदय योजना, कॉलौनी हस्तांतरण, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबन्धन, स्मार्ट सिटी, नगर निगम नवीन भवन निर्माण, नमामि गंगे, पी.एम. स्वनिधि योजना एवं अन्य अनुदान से प्राप्त आय सम्मिलित है। उपरोक्त बजट कार्यकारिणी द्वारा विस्तृत चर्चा के उपरान्त सर्व सम्मति से स्वीकार किया गया।

बैठक में सदन प्रभारी/सहायक नगर आयुक्त राजकुमार मित्तल द्वारा अवगत कराया गया कि उत्तर प्रदेश शासन के पत्र 8 जून 2021 के अनुपालन में नगर निगम मथुरा-वृन्दावन द्वारा तम्बाकू विक्रेताओं के लिये तम्बाकू उत्पाद लाईसेंस शुल्क का निर्धारण विनियमन और नियंत्रण एवं अनुज्ञप्ति शुल्क हेतु उपविधि 2021 बनायी गयी है, जिसके क्रम में 30 दिवस के अन्दर आपत्ति/सुझाव आमंत्रित किये जाने हेतु समाचार पत्रों में प्रकाशित कराया गया था लेकिन निर्धारित 30 दिवसीय अवधि के अन्दर कोई आपत्ति/सुझाव निगम कार्यालय में प्राप्त नहीं हुये। उपरोक्त के क्रम में तम्बाकू उत्पाद नियंत्रण लाइसेंस उपविधि 2021 नगर निगम मथुरा-वृन्दावन सीमान्तर्गत सम्पूर्ण क्षेत्र में लागू कराने हेतु प्रस्ताव को कार्यकारिणी समिति द्वारा सहमति व्यक्त की गयी।

बैठक में नगर आयुक्त अनुनय झा एवं उपसभापति राधाकृष्ण पाठक सहित पार्षद गोविन्द, कुलदीप सिंह, सूरज तौमर, सुमित वर्मा, राजवीर सिंह, तिलकवीर चौधरी, श्रीमती रश्मि शर्मा, श्रीमती मीरा मित्तल, श्रीमती नीलम गोयल, उमेश भारद्वाज तथा नगर निगम मथुरा-वृन्दावन के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।