मथुरा। भाजपा प्रत्याशी राजेश चौधरी ने मांट विधानसभा के सोनई क्षेत्र में विसावली, खोड़ा, सिमाना, हरियागढ़ी, पिरसुआ, कूम्हा, बिचपुरी, गजू आदि गांवों में जनचौपाल लगाकर उपस्थित जनसमूह से आशीर्वाद और वोट मांगा। जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मांट विधानसभा का चुनाव मुख्यमंत्री की कुर्सी पर किसे बैठाना है यह तय करने का चुनाव है। गुंडागर्दी बदमाशी समाप्त है। पहले की सत्ता के संरक्षण प्राप्त बदमाश हाइवे और सड़कों पर लूट करते थे और बदनामी मांट क्षेत्र की होती थी। आज बदमाश सलाखों के पीछे हैं। पिछले चुनाव में जिस आदमी के विरोध में एक लाख चालीस हजार मत पड़े थे उससे सब परेशान हैं। इस बार जातिवादी और वंशवादी ताकतों को बाहर का रास्ता दिखाकर घर के व्यक्ति को चुनें और रामराज्य की राह को आसान करें। उन्होंने मांट की जनता, सहयोगियों और युवा साथियों से मिल रहे अपार स्नेह, समर्थन और समर्थन पर आभार भी जताया। योगी मोदी के गगनभेदी नारों के साथ जनसमूह से जीत का आशीर्वाद प्राप्त किया।