उत्‍तर मध्‍य रेलवे ने तीन माह में बेटिकट यात्रियो से वसूले 52 करोड़ रु. , मथुरा स्टेशन पर मिले 48 हज़ार बेटिकट

आगरा। अर्थव्यवस्था की पहली तिमाही समाप्ति पर उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) को टिकट जांच के माध्यम से 51.66 करोड़ रु. के राजस्व की प्राप्ति हुई है। संभावित आंकड़ों के अनुसार, वर्तमान वित्त वर्ष के पहले तीन माह के दौरान प्रयागराज मंडल को टिकट जांच के माध्यम से 28.37 करोड़ और झांसी व आगरा मंडल ने क्रमश: 13.07 और 10.22 करोड़ की राजस्व प्राप्ति की है। चालू वित्त वर्ष की प्रथम तिमाही में आगरा छावनी टिकट चेकिंग दल द्वारा 1.06 लाख बेटिकट/ग़लत टिकट यात्रियों को पकड़ा गया। इस अवधि में 6.60 करोड़ का राजस्व अर्जित किया।
उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जान संपर्क अधिकारी डा. शिवम शर्मा के मुताबिक़ मथुरा स्टेशन टिकट चेकिंग दल द्वारा 48 हज़ार बेटिकट/ग़लत टिकट यात्रियों को पकड़ा गया इससे 2.96 करोड़ रु का राजस्व अर्जित हुआ । इसके अलावा आगरा किला टिकट चेकिंग दल द्वारा 11 हज़ार बेटिकट/ग़लत टिकट यात्रियों को पकड़ा गया। जिनसे 61 लाख का राजस्व अर्जित किया।
महामारी के बाद अर्थव्यवस्था में सुधार होने से सभी गतिविधियों में तेजी आई है और सरकार के राजस्व में वृद्धि हुई है। रेलवे द्वारा टिकट जांच एक ऐसी गतिशील गतिविधी है जो विभिन्न रूपों में की जाती है। ट्रेन में चल टिकट परीक्षकों (टीटीई) द्वारा नियमित टिकट जांच सर्वाधिक की जाती है। इसके अलावा, समय-समय पर मजिस्ट्रेट जाँच के साथ साथ विशेष जांच की जाती है । बिना टिकट यात्रा को रोकने के उद्देश्य से एनसीआर द्वारा विभिन्न स्थानों पर नियमित अभियान चलाए जा रहे हैं। बिना टिकट वाले यात्रियों को दंडित किया जाता है और उन्हें जांच के दौरान उचित टिकट दिए जाते हैं।
प्रयागराज मंडल ने केवल जून माह में टिकट जांच द्वारा 10.78 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त करके एक ख़ास मुकाम हासिल किया है, साथ ही एक माह में प्रयागराज मंडल द्वारा अर्जित किया गया यह अब तक का सर्वाधिक राजस्व है। प्रयागराज मंडल के विभिन्न स्थानों और बोर्ड जैसे मिर्जापुर, अलीगढ़, कानपुर, टूंडला आदि में कई जांच अभियान चलाए गए हैं।
टिकट जांच अभियान एक नहीं बल्कि दो उद्देश्यों को पूरा करता है। जहाँ एक तरफ यह बेटिकट यात्रा पर अंकुश लगाता है वहीं ऐसे यात्री जो अनजाने में टिकट नहीं ले पाए या फिर उचित श्रेणी का टिकट नहीं ले पाए उन्हें उचित टिकट की सुविधा प्रदान की जाती है। टिकट जांच के अलावा अभियान के दौरान बिना बुक किए गए सामान और गंदगी फैलाने वालों पर भी जुर्माना किया जाता है।