खुश खबरी : दीपावली से पहले मथुरा वृंदावन में चलने लगेंगी इलेक्ट्रिक बस

मथुरा। सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो मथुरा वृंदावन में अगले महीने से इलेक्ट्रिक बसों का संचालन प्रारंभ हो जाएगा। मेंटेनेंस डिपो चार्जिंग स्टेशन बनकर तैयार हो गया है बिजली विभाग ने वहां अलग से विशेष केबल डाल दी है। जल निगम की सीएनडीएस शाखा द्वारा चार्जिंग स्टेशन का निर्माण किया गया है।

मथुरा वृंदावन निगम के नगर आयुक्त अनुनय झा ने शनिवार को अधिकारियों के साथ इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए 100 सैया अस्पताल के समीप तैयार हुए चार्जिंग स्टेशन के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के संबंध में नगर आयुक्त अनुनय झा ने बताया कि आगामी माह 10 अक्टूबर तक सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएंगी। उद्घाटन के पश्चात उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 50 इलेक्ट्रिक बस मथुरा आ जायेंगी। इन इलेक्ट्रिक बसों के आने के बाद वृंदावन में निजी वाहनों को छोड़कर अन्य सभी वाहनों का प्रवेश वर्जित हो जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए मुख्य मुख्य पॉइंट पर इलेक्ट्रिक बस उपलब्ध रहेंगी। मथुरा के रेलवे और बस स्टैंड के अलावा विशेष मार्गो पर भी इन बसों को संचालित किया जाएगा ।

नगर आयुक्त श्री झा का कहना है कि इन बसों के संचालन से जहा एक और प्रदूषण कम करने की दिशा में सफलता मिलेगी वही बाहर से आने वाले तीर्थयात्री और श्रद्धालुओं को एक उम्दा किस्म के स्टेटस का एहसास होगा। निरीक्षण में परियोजना प्रबन्धक सीएण्डडीएस ने अवगत कराया गया कि योजना के अन्तर्गत गार्ड रूम मेन्टीनेन्स शेड रिटेनिंग वाल इलैक्ट्रिक सब स्टेशन बाउण्ड्रीवाल, पेवर रोड एवं सिविल कार्य पूर्ण किये जा चुके हैं तथा विद्युत संयोजन हेतु धनराशि विद्युत विभाग हस्तांतरित करा दी गयी है। अधिशासी अभियंता, विद्युत नगरीय वितरण खण्ड(द्वितीय) वृन्दावन, मथुरा द्वारा अवगत कराया गया कि बस चार्जिंग डिपो तक केबिल बिछाने का कार्य कर दिया गया है तथा ट्रान्सफार्मर उर्जीकृत कराने का कार्य कराया जा रहा है जिससे चार्जिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर के कार्य प्रारम्भ कराये जाने में कठिनाई का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता नगर निगम जितेन्द्र कैन एस.पी. मिश्रा अधिशासी अभियंता निगम अधिशासी अभियंता विद्युत नगरीय वितरण खण्ड(द्वितीय) वृन्दावन राजीव कालरा भूपेन्द्र सिंह परियोजना प्रबन्धक सी.एण्ड डी.एस. जल निगम स्थानिक अभियंता अरुण उपस्थित रहे।