आगरा में विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियरो ने दी मांगे न माने जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी

आगरा। दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड कार्यालय पर अवर अभियंताओं ने दो दिवसीय क्रमिक उपवास अनशन सत्याग्रह के दौरान चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगे नहीं मानी गई तो वह उग्र आंदोलन करने पर बाध्य होंगे। राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर संगठन के बैनर तले 16 दिन से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन किया जा रहा है।
दो द्विवसीय क्रमिक उपवास अनशन सत्याग्रह के दूसरे दिन प्रदेश भर के सभी क्षेत्रीय मुख्यालयों एवं विद्युत उत्पादन की परियोजनाओं पर अवर अभियंताओ/प्रोन्नत अभियन्ताओं द्वारा (पाली कार्य को छोडकर)आंदोलन किया जा रहा है। प्रदेश के अवर अभियन्ता / प्रोन्नत अभियन्ताओं द्वारा विद्युत आपूर्ति में व्यवधान से बचाए रखने के लिए पाली में कार्यरत सदस्यों को छोडकर आन्दोलन के दो द्विवसीय क्रमिक उपवास अनशन सत्याग्रह का दूसरा दिन आज बुधवार को प्रातः 10ः00 बजे से प्रारम्भ हुआ। आंदोलन में मथुरा सहित कमिश्नरी आगरा के समस्त जनपदों के इंजीनियर शामिल हुए।

संगठन के अध्यक्ष इं. धर्मेंद्र राजपूत ने अपने सम्बोधन में कहा कि संगठन के सदस्य अपनी न्यायोचित मांगों पर विगत 16 दिनों से शान्तिपूर्ण तरीके से आन्दोलन कर रहे है। ऊर्जा प्रबन्धन द्वारा संवर्ग की न्यायोचित मांगो पर संगठन के तर्कों से सहमत होते हुए भी आज तक आदेश जारी नही किये गये जिससे विवश होकर संगठन को अपनी न्यायोचित मांगो के समर्थन में आन्दोलन की राह पर चलना पडा है।

सभा को संबोधित करते हुए संगठन के दक्षिणांचल के अध्यक्ष इं. राजवीर सिंह ने कहा कि ऊर्जा प्रबन्धन द्वारा लान्ग टर्म नियोजन के स्थान पर दैनिक मोनिटरिंग पैरामिटर्स में परिवर्तन से विभाग मे अत्यधिक भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई है जिससे उ.प्र. सरकार की मंशानुरूप संगठन के सदस्यों द्वारा बेहतर उपभोक्ता सेवा देने में अत्यधिक कठिनाइयों का सामना करना पड रहा है।

जनपद मथुरा के अध्यक्ष इंजीनियर प्रमोद कुमार ने कहा कि संवर्ग की न्यायोचित वेतन विसंगति की मांग लम्बे समय से लम्बित है जिसपर शीर्ष ऊर्जा प्रबन्धन टाल,मटोल का रवैया अपनाये हुए है जिससे विवश होकर संगठन के सदस्य आन्दोलन कर रहे है एवं किसी भी स्तर के उग्र आन्दोलन को करने के लिए तैयार है। अभियंता संघ के अध्यक्ष इंजीनियर वीपी सिंह ने कहा कि पूरे प्रदेश में संगठन के सदस्य पूरे मनोयोग एवं उत्साह से आन्दोलन में कर रहे है। जूनियर इंजीनियर्स संवर्ग को उ.प्र. सरकार द्वारा ग्रेड वेतन 4800/- के स्थान पर ही ग्रेड वेतन 4600/-प्रदान किया गया था, ऊर्जा प्रबन्धन द्वारा जानबूझकर 4800/- ग्रेड वेतन इस संवर्ग को टाइम स्केल के रूप में दिया जा रहा है जो कि राज्य सरकार एवं संगठन के मध्य बनी सहमतियों के अनुरूप नही है।

प्रांतीय अध्यक्ष इं. देवेंद्र सिंह ने कहा कि संगठन के जनियर इंजीनियर्स/प्रोन्नत अभियन्ता प्रदेश के समस्त क्षेत्रो/परियोजनाओं पर पूरी क्रमिक उपवास सत्याग्रह पर बैठे हुए है किन्तु ऊर्जा का शीर्ष प्रबन्धन द्वारा उनकी न्यायोचित मांगो एवं समस्याओं के निराकरण हेतु अब तक कोई सकारात्मक प्रयास नही किया गया एवं संगठन को एक बडे आन्दोलन की ओर ले जाने के लिए विवश किया जा रहा है।

अनशन कार्यक्रम में जनपद मथुरा सिटी उपखंड अधिकारी संदीप वार्ष्णेय अजीत सिंह अवर अभियंता सुनील कुमार सचिव ध्रुव साहू राहुल साहू सतेंद्र मौर्य जितेंद्र कुमार भगवान सिंह रवि कुमार मौर्य आदि अवर अभियन्ता/प्रोन्नत अभियन्ता सदस्य उपस्थित रहे।