कल घोषित होंगे यूपी बोर्ड 10वीं और 12वीं के नतीजे , दोपहर 4 बजे जारी होगा परिणाम
लखनऊ । उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद् के करोड़ों छात्र-छात्राओं का इंतजार अब खत्म होने वाला है। बोर्ड ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं के परीक्षाफल की तारीख का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। माध्यमिक शिक्षा परिषद् के सचिव भगवती सिंह द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, यूपी बोर्ड के नतीजे कल यानी 23 अप्रैल 2026 को शाम 04:00 बजे घोषित किए जाएंगे। यह परिणाम बोर्ड के प्रयागराज स्थित मुख्यालय से आधिकारिक तौर पर जारी किए जाएंगे, जिसके बाद छात्र अपना रिजल्ट देख सकेंगे।

बोर्ड की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि विद्यार्थी अपना परीक्षाफल माध्यमिक शिक्षा परिषद् की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर जाकर चेक कर सकते हैं। इसके साथ ही सरकार के डिजिटल प्लेटफॉर्म डिजिलॉकर (Digilocker) की वेबसाइट results.digilocker.gov.in पर भी नतीजे उपलब्ध रहेंगे ताकि छात्र बिना किसी तकनीकी समस्या के अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकें। बोर्ड ने परिणाम की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है और कल शाम 4 बजे आधिकारिक घोषणा के साथ ही प्रदेश के लाखों मेधावियों का भविष्य स्पष्ट हो जाएगा।