रामपुर । समाजवादी पार्टी ने रामपुर लोकसभा उपचुनाव के लिए आज प्रत्याशी के नाम का एलान कर दिया है। सपा नेता आजम खां ने पार्टी पदाधिकारियों की बैठक के बाद खुद प्रत्याशी के नाम का एलान किया। लोकसभा उपचुनाव में समाजवादी पार्टी ने आसिम रजा को मैदान में उतारा है। उनके सामने भारतीय जनता पार्टी ने घनश्याम लोधी को प्रत्याशी घोषित किया है। घनश्याम लोधी ने सोमवार को नामांकन दाखिल कर दिया है। वहीं, आसिम रजा कुछ देर में नामांकन करेंगे।
जानकारी मिल रही है कि कांग्रेस उपचुनाव नहीं लड़ेगी। हालांकि कांग्रेस से दो नेताओं ने नामांकन पत्र खरीदे हैं। आसिम रजा सपा विधायक आजम खां के करीबी हैं। आजम खां कार्यकर्ताओं और प्रत्याशियों के साथ सपा प्रत्याशी का नामांकन दाखिल कराएंगे।
सपा नेता आजम खां के लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद रामपुर संसदीय सीट रिक्त हुई थी। आजादी के बाद रामपुर में ऐसा पहली बार होगा, जब यहां लोकसभा की सीट के लिए उपचुनाव होगा। आजम खां ने इस सीट पर एक लाख से अधिक वोटों से जीत हासिल की थी और भाजपा प्रत्याशी व फिल्म अभिनेत्री जयाप्रदा को शिकस्त दी थी।