नवसंवत्सर् मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमो के साथ होगा कवि सम्मलेन

मेला में नहीं होगी कोई भी विदेशी वस्तु की बिक्री , आगुन्तको को चंदन लगाकर किया जायेगा स्वागत
मथुरा। नवसंवत्सर् पर भारतीय नववर्ष मेला 21 मार्च को सेठ बी.एन. पोद्दार इण्टर कॉलेज में नवआकर्षण, नवसज्जा के साथ परम्परागत रूप से विभिन्न सांस्कृतिक एवं रंगारंग कार्यक्रमों के साथ आयोजित किया जा रहा है। इस समारोह में मुख्यवक्ता अनंत श्री विभूषित परिव्राजकाचार्य पूज्य महामंडलेश्वर योगी यतींद्रानंद महाराज श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा और मुख्य अतिथि हेमामालिनी सुप्रसिद्ध सिनेतारिका एवं सांसद होंगी।
सरस्वती शिशु मंदिर दीनदयाल नगर में आयोजित पत्रकार वार्ता में नववर्ष मेला समिति के महामंत्री प्रदीप श्रीवास्तव ने बताया कि भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए नवसंवत्सर् पर नववर्ष मेला वर्ष 2002 से शुरू हुआ है। तभी से यह मेला प्रतिवर्ष लगता है। इस वर्ष एक दिवसीय नववर्ष मेला का शुभारम्भ चैत्र कृष्ण अमावस्या संवत् 2079 तदनुसार 21 मार्च 2023 मंगलवार को भूमि पूजन एवं हवन के साथ मध्यान्ह एक बजे से सेठ बी एन पोद्दार इंटर कॉलेज के मैदान में होगा। रंगोली प्रतियोगिता सायं 5 बजे से और विभिन्न मंचीय प्रतियोगिताएँ सायं 5:30 बजे से होंगी।
इस दिन का विशेष आकर्षण सांस्कृतिक कार्यक्रम अन्तर्गत रात्रि 9:15 बजे से कवियों की चौपाल (कवि सम्मेलन) होगा। जिसमें सुप्रसिद्ध कविगण गजेंद्र सोलंकी शम्भू शिखर डा. रुचि चतुर्वेदी, प्रख्यात मिश्रा एवं सूरजमणि त्रिपाठी कविता पाठ करेंगे।
नववर्ष मेला समिति अध्यक्ष कमलेश अरोरा ने बताया कि इस नवसम्वत्सर मेला में कोई भी विदेशी वस्तु की बिक्री नहीं होती। मेला में सभी स्वदेशी वस्तुओं की बिक्री होगी । भारतीय संस्कृति के अनुसार मेला में आने वाले सभी आगुन्तको को चंदन लगाकर स्वागत किया जाता है। मेला से वापस जाते समय नीम की कॉपल और मिश्री का प्रसाद भेंट किया जायेगा। मेला समिति द्वारा उन लोगों को जिनके घर में गंगा जल नहीं है, निःशुल्क गंगा जल और अन्य सभी को नवसम्वत्सर बधाई कार्ड भेंट स्वरूप दिया जायेगा।
मीडिया प्रमुख मुकेश शर्मा ने बताया मेला का मुख्य आकर्षण घोडा, ऊँट की सवारी, झूले खेल-तमाशा, खान-पान की स्टॉल, स्वदेशी वस्तुओं की बिक्री, राष्ट्रीय साहित्य बिक्री केन्द्र, कुटीर उद्योग से बने वस्त्र, विभिन्न प्रकार की प्रदर्शनी, नृत्य संगीत के सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित भारतीय संस्कृति पर आधारित विविध मनोरंजक पूर्ण कार्यक्रम होंगे। पत्रकार वार्ता में कोषाध्यक्ष अजय कुमार सर्राफ, मंत्री अनिरुद्ध अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।