जलती बस से 38 बच्चों को बचाने वाले उपनिरीक्षक सत्येंद्र सिंह होंगे सम्मानित

मथुरा। उपनिरीक्षक सत्येंद्र सिंह को उनकी बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा के लिए सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बरेली-जयपुर एक्सप्रेस-वे पर एक स्कूल बस में लगी आग के दौरान 38 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालकर अपनी जान जोखिम में डालते हुए उनकी रक्षा की।
इस साहसिक कार्य की सराहना करते हुए बृज यातायात एवं पर्यावरण जन जागरूकता समिति के संस्थापक अध्यक्ष विनोद दीक्षित ने बताया कि सत्येंद्र सिंह को समिति की ओर से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस तरह का साहस और समर्पण समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
उपनिरीक्षक सत्येंद्र सिंह की बहादुरी की चारों ओर प्रशंसा हो रही है। उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना बच्चों की जान बचाकर सच्चे देशभक्त और जिम्मेदार पुलिसकर्मी का उदाहरण प्रस्तुत किया है।