मथुरा में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़, चोटी वाला ढाबे पर छापा; 9 गिरफ्तार

मथुरा। जनपद के थाना छाता क्षेत्र में नेशनल हाईवे-19 स्थित चोटी वाला ढाबा पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए देह व्यापार के एक सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने पांच युवतियों और चार युवकों को आपत्तिजनक स्थिति में गिरफ्तार किया जबकि गिरोह का मुख्य सरगना दलाल मौके से फरार हो गया।
पुलिस को पिछले कुछ दिनों से लगातार सूचना मिल रही थी कि चौकी दौताना क्षेत्र के पास स्थित उक्त ढाबे पर अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना की पुष्टि के बाद क्षेत्राधिकारी छाता भूषण वर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
पुलिस ने पहले फर्जी ग्राहक भेजकर पूरे मामले की पुष्टि की। इसके बाद बाहर तैनात टीम ने अचानक ढाबे पर छापा मार दिया। छापेमारी के दौरान मौके पर अफरातफरी मच गई।
पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री बरामद करते हुए पांच युवतियों और चार युवकों को हिरासत में लिया। सभी को कोतवाली छाता लाकर पूछताछ की जा रही है और उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई के दौरान गिरोह का मुख्य संचालक (दलाल) मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में इस प्रकार की अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।