डीवीके फाउंडेशन ने बीजीआईएस वृंदावन में आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए शुरू की विशेष छात्रवृत्ति योजना
वृंदावन । डीवीके फाउंडेशन ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के मेधावी छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भक्तिवेदांत गुरुकुल एवं इंटरनेशनल स्कूल (बीजीआईएस), वृंदावन में एक महत्वपूर्ण छात्रवृत्ति योजना की शुरुआत की है। यह विद्यालय उत्तर प्रदेश के अग्रणी आवासीय विद्यालयों में शामिल है और एजुकेशन वर्ल्ड 2024-25 रैंकिंग में प्रदेश में प्रथम तथा देश के शीर्ष 10 बालक आवासीय विद्यालयों में स्थान प्राप्त कर चुका है।
फाउंडेशन की स्थापना उन प्रतिभाशाली छात्रों की सहायता के लिए की गई है जो आर्थिक अभाव के कारण बेहतर शिक्षा से वंचित रह जाते हैं। इस नई पहल के तहत डीवीके फाउंडेशन और बीजीआईएस के बीच हाल ही में एक समझौता हुआ है, जिसके अंतर्गत चयनित छात्रों को आर्थिक सहायता, अध्ययन सामग्री और प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।
इन चयनित छात्रों को “डीवी कपूर स्कॉलर” के रूप में जाना जाएगा। उन्हें पढ़ाई के दौरान किताबें, अध्ययन सामग्री, वर्दी, लैपटॉप और विभिन्न पुरस्कार उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे वे आत्मविश्वास के साथ अपनी पढ़ाई जारी रख सकें।
योजना की मुख्य बातें:
कक्षा 8, 9 और 11 के मेधावी छात्रों को प्रतिवर्ष 20 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी ।
यह राशि विद्यालय की संस्तुति और फाउंडेशन की स्वीकृति के आधार पर प्रदान की जाएगी।
योजना शैक्षणिक सत्र 2025-26 से लागू हो चुकी है और छात्र कक्षा 12 तक इसका लाभ ले सकेंगे।
विद्यालय द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार धनराशि का वितरण और प्रबंधन किया जाएगा।
यह पहल आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली छात्रों के लिए बड़ा सहारा साबित होगी। बीजीआईएस में आईसीएसई/आईएससी बोर्ड के तहत शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों और व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। विद्यालय की स्थापना वर्ष 1976 में इस्कॉन के संस्थापक आचार्य ए.सी. भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाद द्वारा की गई थी।
डीवीके फाउंडेशन ने चयनित छात्रों को बधाई देते हुए संदेश दिया कि वे इस अवसर का पूरा लाभ उठाएं, मेहनत से अध्ययन करें और अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाएं।
विद्यालय प्रशासन ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से अधिक से अधिक जरूरतमंद छात्रों को बेहतर शिक्षा का अवसर मिलेगा।