नालंदा । बिहार में नालंदा ज़िले के शीतला मंदिर में मंगलवार को अचानक भगदड़ मच गई । इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई है। जबकि कई लोग घायल हुए हैं। बिहारशरीफ़ के मॉडल हॉस्पिटल के डॉक्टर बिस्वजीत कुमार ने कहा कि मृतकों में अधिकांश महिलाएं हैं। चश्मदीदों के मुताबिक पूजा के दौरान अचानक भगदड़ मच गई , जिससे अफ़रा-तफ़री का माहौल बन गया। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
डॉ. बिस्वजीत ने कहा, “क़रीब 13-14 लोगों को अस्पताल लाया गया। आठ लोगों की मौत हुई है। बाकी का यहां इलाज चल रहा है। दो मरीज, जो गंभीर थे, उन्हें दूसरे अस्पताल रेफ़र किया गया है। चैत्र महीने का आखिरी मंगलवार होने के कारण मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी थी। प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को बिहार के नालंदा के शीतला माता मंदिर हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने इसमें जान गंवाने वाले पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त की। इसके साथ ही केंद्र सरकार ने इस भगदड़ में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता की घोषणा भी की। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने पीएम मोदी के हवाले से लिखा, ‘बिहार के नालंदा जिले में हुई दुर्घटना अत्यंत दुखद है। मैं उन लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने इस हादसे में अपने प्रियजनों को खो दिया। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष की ओर से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी और घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।