बांकेबिहारी मंदिर मार्ग पर करंट फैलने से दंपती झुलसे , मची अफरातफरी

वृंदावन । श्रीबांकेबिहारी मंदिर मार्ग स्थित गली नंबर तीन के पास सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब विद्युत खंभे पर लगे पैनल बॉक्स में अचानक करंट फैल गया। इस दौरान दर्शन करने आए एक दंपती इसकी चपेट में आ गए और करंट लगने से छटपटाकर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं में अफरातफरी मच गई। आसपास के लोगों और दुकानदारों ने तुरंत दंपती को पास की एक धर्मशाला में पहुंचाया, जहां मालिश आदि के बाद उनकी हालत सामान्य हुई।

बताया गया कि पन्ना धर्मशाला के पास लगे विद्युत खंभे के पैनल बॉक्स में शॉर्ट सर्किट होने से करंट फैल गया था। गली में भीड़ के बीच गुजर रहे दंपती का हाथ अचानक बॉक्स से टकरा गया, जिससे उन्हें करंट लग गया। घटना की सूचना मिलते ही दुकानदारों ने विद्युत निगम के अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद बिजली आपूर्ति तत्काल बंद कराई गई और कुछ देर बाद लाइनमैन ने मौके पर पहुंचकर पैनल बॉक्स को दुरुस्त किया। इस संबंध में एसडीओ संदीप वार्ष्णेय ने बताया कि किसी वाहन की टक्कर से पैनल बॉक्स क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे शॉर्ट सर्किट होकर करंट फैल गया।

स्थानीय लोगों ने मंदिर क्षेत्र में खुले विद्युत उपकरणों को सुरक्षित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।