छाता में सांड से टकराने पर पति पत्नी की दर्दनाक मौत

मथुरा। बीती रात्रि राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवारा पशु से टकरा जाने के कारण मोटरसाइकिल पर सवार पति पत्नी की दर्दनाक मृत्यु होने का मामला प्रकाश में आया है।
शनिवार रात्रि 10:30 बजे के करीब हाईवे पर थाना क्षेत्र अंतर्गत गिन्नी फैक्ट्री के सामने सड़क पर अचानक सांड के आ जाने से मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई जिस कारण उस पर सवार महिला पुरुष की मृत्यु हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छाता भेजा जहां चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया। जानकारी करने पर पता चला कि दोनों मृतक पति-पत्नी क्रमशः नरेंद्र (35) और संध्या (32) थे। वह फरीदाबाद से अपने गांव धरहरा थाना एत्मादपुर आगरा जा रहे थे। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।