राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ हुआ 100 वर्ष का, मथुरा में जोर शोर से मना विजयादशमी उत्सव

मथुरा। जनपद में गुरुवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा विजयादशमी का उत्सव पूरे महानगर में विभिन्न शाखाओं पर मनाया गया । शाखाओं पर ध्वज लगने से पूर्व शस्त्रों का पूजन कर विजयादशमी उत्सव पर शक्ति की उपासना एवं शौर्य के संसाधनों का पूजन कर अपनी परंपरा का भी संवर्धन किया।
उत्सव में बौद्धिककर्ताओं ने आज के दिन की महत्वत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 100 वर्ष पूर्व राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ नाम का बीज धरती रोपा गया था जो अपने अनुशासन एवं कार्यपद्धति की वजह से आज वट वृक्ष बन गया है, संघ ने अपने शुरुआती समय में बहुत उपहास और विरोध झेला है परन्तु अपनी साफ नियत एवं पवित्र उद्देश्य के चलते अब यह समाज के अंदर अपनी स्वीकार्यता साबित कर चुका है, संघ के कार्य और देशभक्ति पर आज हर नागरिक को अभिमान है और पूर्ण विश्वास भी है कि जब तक संघ का कार्य इस देश में है तब तक इस देश का कोई भी शक्ति कुछ नहीं बिगाड़ सकती।
आज समाज संघ की तरफ आशा की दृष्टि से देखता है कि संघ है तो सब कुछ संभव है, ऐसे में स्वयंसेवकों को चाहिए कि वे समाज परिवर्तन के लिए संघ द्वारा लिए गए संकल्प कि भारत देश केवल भौतिक समृद्धि ही नहीं बल्कि सांस्कृतिक एवं नैतिक मूल्यों में भी विश्व का पथ प्रदर्शक बने इसकी सिद्धि शीघ्रता से पूर्ण करें।
कार्यक्रम में एकलगीत एवं अमृत वचन के साथ दंड, नियुद्ध का भी प्रदर्शन रहा। अंत में संघ की प्रार्थना नमस्ते सदा वत्सले मातृभूमे के साथ उत्सव का समापन हुआ। समापन के पश्चात स्वयंसेवकों द्वारा पथ संचलन की भी व्यवस्था रखी गई थी जिसमें स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में हाथ में दंड लिए कदम से कदम मिला कर चल रहे थे। कॉलोनियों और सड़कों पर जब संचलन निकल रहा था तो स्थानीय निवासियों ने पुष्पवर्षा कर संचलन का स्वागत किया एवं नारों से वातावरण गूंजा दिया।
कार्यक्रम में महानगर प्रचारक सचिन भाग संघचालक राकेश महानगर मिलन मंडली प्रमुख आशीष भाग व्यवस्था प्रमुख सीताराम महानगर संपर्क प्रमुख जितेंद्र पर्यावरण प्रमुख विनय आदि ने स्वयंसेवको ज्ञान वर्धन किया।