वृन्दावन, (राजपथ ब्यूरो/पुनीत शुक्ला) शहर में चर्चाओं का केंद्र बिंदु बने करोड़ो का गबन करने के मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने दमनद्वीप से दबोच लिया है। पुलिस का आरोपी को लग्जरी गाड़ी में न्यायालय के लिये ले जाना भी चर्चा का विषय बना हुआ है। ज्ञात रहे है कि शहर के एक नामचीन भजन गायक व उनके दोनों पुत्रों पर लोगो के साथ ठगी कर करोड़ो रूपये के गबन का मामला लंबे समय से चर्चाओं का विषय बना हुआ है।
इस मामले में पीड़ितों ने कई मुकदमें कोतवाली वृन्दावन में दर्ज करा रखे थे। इसी मामले के एक वादी अवधेश गौतम ने बताया कि भजन गायक बनबारी लाल शर्मा के पुत्र प्रशांत व विवेक ने करीब दो वर्ष पूर्व उनसे रेडीमेड एक्सपोर्ट्स का व्यापार करने का झांसा देकर मोटी रकम हड़प ली थी। उनके द्वारा कई बार तगादा किया गया लेकिन रुपया लौटाने के बजाय पिता पुत्र धमकी देने लगे। इस मामले में उनके द्वारा करीब चार माह पूर्व मुकदमा पंजीकृत कराया गया था। इतना ही नही बताया जाता है कि शहर के करीब दो दर्जन से अधिक लोगो से विवेक ने व्यापार करने के नाम पर रुपया ऐंठा था। इस प्रकरण में नगर व जिले के कई सम्भ्रांत लोगो ने समझौते के प्रयास किये थे लेकिन बात नही बन सकी थी। आखिरकार पुलिस ने विवेक तिवारी को दमन द्वीप से गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार को पुलिस ने विवेक को न्यायालय में पेश किया।