17 नवंबर से मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण, 17.05 लाख मतदाताओं के नामों का होगा सत्यापन

21, 22, 28 और 29 नवंबर को बूथों पर लगेंगे विशेष अभियान, 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची

मथुरा। आगामी चुनावों की तैयारियों के मद्देनजर भारत निर्वाचन आयोग ने विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान की शुरुआत करने की तैयारी पूरी कर ली है। अर्हता तिथि एक जनवरी 2027 के आधार पर यह अभियान 17 नवंबर से शुरू होगा। इसके तहत मतदाता सूची में नए नाम शामिल कराने, दर्ज विवरण में संशोधन कराने और त्रुटियों को दूर करने का अवसर मिलेगा। शुक्रवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 17 नवंबर को एकीकृत निर्वाचक नामावली का आलेख्य प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम या पते में संशोधन कराने तथा अन्य आपत्तियां दर्ज कराने के लिए आवेदन किए जा सकेंगे। प्राप्त दावे और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद चार जनवरी 2027 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा।

मतदाताओं की सुविधा के लिए अभियान के दौरान चार विशेष तिथियां भी निर्धारित की गई हैं। 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इन दिनों मतदाता अपने संबंधित बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, विवरण में संशोधन कराने और अन्य त्रुटियों को ठीक कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे।

प्रेसवार्ता में सामने आए आंकड़ों के अनुसार जनपद की पांच विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1105 मतदान केंद्र और 2263 मतदेय स्थल हैं। वर्तमान निर्वाचक नामावली में कुल 17 लाख पांच हजार 238 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें नौ लाख 30 हजार 757 पुरुष, सात लाख 74 हजार 443 महिला और 38 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। जिले में 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 18 हजार 438 युवा मतदाता भी दर्ज हैं।

विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों पर नजर डालें तो छाता में 3,30,268, मांट में 3,25,856, गोवर्धन में 3,02,139, मथुरा में 3,85,434 और बलदेव में 3,61,541 मतदाता पंजीकृत हैं। जनपद का मतदाता लिंगानुपात 832 है। इसके अलावा जिले में 85 वर्ष से अधिक आयु के 9504 वरिष्ठ नागरिक, 14,253 दिव्यांग मतदाता और 9192 सर्विस मतदाता दर्ज हैं।

मतदाता पंजीकरण से संबंधित जानकारी प्राप्त करने और शिकायतों के समाधान के लिए कलेक्ट्रेट में जिला संपर्क केंद्र स्थापित किया गया है। इसके लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 जारी किया गया है। नागरिक इस नंबर पर संपर्क कर मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं और अपनी शिकायतों का समाधान प्राप्त कर सकते हैं।

प्रशासन ने जनपद के नागरिकों से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की है। खासकर 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं और ऐसे पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराने का आग्रह किया गया है, जिनका नाम अभी तक सूची में शामिल नहीं है। प्रशासन का कहना है कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में पंजीकरण जरूरी है।